|
सेवा संकल्प अभियान : कहानी बदलाव की आगर-मालवा : सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में संचालित छात्रावास सुविधाएं प्रतिभावान विद्यार्थियों के सपनों को साकार कर रही हैं। जिले के छात्र प्रकाश चंद ने शासकीय बालक पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में रहकर अध्ययन करते हुए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) उत्तीर्ण कर जिले का नाम रोशन किया है। प्रकाश चंद की इस उपलब्धि पर जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित महर्षि वाल्मीकि योजना के तहत उन्हें 50,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। छात्रावास में रहकर प्रकाश चंद को आवास, भोजन एवं अध्ययन हेतु अनुकूल वातावरण मिला, जिससे वे प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी पर पूर्ण ध्यान केंद्रित कर सके। जिला संयोजक आगर श्री शेखर उइके ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि महर्षि वाल्मीकि योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु प्रोत्साहित करना है। छात्र प्रकाश चंद ने अपनी सफलता का श्रेय शासकीय छात्रावास की व्यवस्थाओं, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं शासन की योजना को दिया। उन्होंने कहा कि छात्रावास में मिली सुविधाओं एवं 50 हजार की सहायता राशि से उन्हें आगे की पढ़ाई में काफी मदद मिलेगी। यह कहानी सिद्ध करती है कि सही मार्गदर्शन और शासकीय सहायता मिले तो छात्रावास में रहकर भी बड़े लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं। |