|
रतनगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई—21.27 लाख के मादक पदार्थ सहित 8 लाख की बोलेरो नियो जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार नीमच/रतनगढ़। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान के तहत रतनगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 141 किलो 800 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने डोडाचूरा से भरी बोलेरो नियो कार सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि कार में सवार दूसरा आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 15 सितंबर 2026 की रात मध्यप्रदेश-राजस्थान सीमा पर ग्राम काकरिया तलाई में चेकिंग के दौरान की गई। पुलिस टीम को काकरिया तलाई की ओर से एक बोलेरो नियो कार आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो ड्राइवर के पास बैठा एक व्यक्ति कार से उतरकर जंगल की ओर भाग निकला। पुलिस जवानों ने उसका पीछा किया, लेकिन अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर वह फरार होने में सफल रहा। वहीं पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बोलेरो चालक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम योगेन्द्र सिंह उर्फ जोनी पिता गोपाल सिंह राठौड़, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम सूंपा, थाना केकड़ी सदर, जिला अजमेर (राजस्थान) बताया। पुलिस ने बोलेरो नियो की तलाशी ली तो उसमें काले रंग के सात प्लास्टिक कट्टों में कुल 141 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा भरा हुआ मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त करते हुए आरोपी योगेन्द्र सिंह उर्फ जोनी को गिरफ्तार कर लिया। 21.27 लाख का डोडाचूरा, 8 लाख की बोलेरो जब्त पुलिस ने कार्रवाई में कुल 21 लाख 27 हजार रुपये कीमत का 141 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा, करीब 8 लाख रुपये कीमत की बिना नंबर की बोलेरो नियो कार तथा 30 हजार रुपये कीमत के तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन जब्त किए हैं। एक गिरफ्तार, दूसरा तस्कर फरार गिरफ्तार आरोपी की पहचान योगेन्द्र सिंह उर्फ जोनी पिता गोपाल सिंह राठौड़ (34) निवासी ग्राम सूंपा, थाना केकड़ी सदर, जिला अजमेर (राजस्थान) के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी की पहचान गणेश पिता हेमराज धाकड़ निवासी ग्राम काकरिया तलाई, थाना रतनगढ़, जिला नीमच के रूप में बताई गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध प्रदेशव्यापी अभियान के तहत रतलाम रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक निमिष अग्रवाल, नीमच पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं जावद एसडीओपी हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में रतनगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक भूरालाल भाबर एवं उनकी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। |