सुसनेर: नगर परिषद अध्यक्ष पद के उप निर्वाचन को लेकर भाजपा ने चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को नामांकन के अंतिम दिन भाजपा ने प्रदीप सोनी को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया। भाजपा प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन द्वारा उनके नाम की घोषणा किए जाने के बाद पार्टी की ओर से नामांकन रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। रैली के बाद भाजपा प्रत्याशी प्रदीप सोनी ने रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन रैली की शुरुआत श्री खेड़ापति हनुमान मठ मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक रैली के रूप में नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़े। रैली के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद रैली रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय की ओर रवाना हुई।
नामांकन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चिंतामण राठौर, पूर्व विधायक राणा विक्रम सिंह, बद्रीलाल सोनी और भाजपा मंडल अध्यक्ष डॉ. सौरभ जैन मौजूद रहे। भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. गजेंद्र सिंह चंद्रावत, सजन सिंह कलारिया, नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश जैन, पवन शर्मा, कमल गर्ग, युगल किशोर परमार, जितेंद्र सावला, गिरजाशंकर राठौर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
आज निकलेगी जनआशीर्वाद रैली, होगा चुनाव कार्यालय का शुभारंभ:-
नामांकन दाखिल करने के बाद भाजपा की ओर से बुधवार को चुनाव कार्यालय के भव्य शुभारंभ का कार्यक्रम रखा गया है। बुधवार 16 सितंबर को दोपहर 12:30 बजे श्री खेड़ापति हनुमानजी मंदिर मठ से भाजपा प्रत्याशी प्रदीप सोनी के समर्थन में जनआशीर्वाद रैली निकाली जाएगी। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए चुनाव कार्यालय पहुंचेगी। रैली के पश्चात भाजपा चुनाव कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।
भाजपा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से शामिल होने का आह्वान किया गया है। कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। चुनाव कार्यालय शुरू होने के साथ ही भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद के उपचुनाव को लेकर प्रचार और जनसंपर्क गतिविधियों को गति दी जाएगी।
कार्यवाहक अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं प्रदीप सोनी:-
भाजपा प्रत्याशी प्रदीप सोनी नगर परिषद की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वर्ष 2022 के नगरीय निकाय चुनाव में वे वार्ड क्रमांक 4 से पार्षद पद के लिए चुनाव मैदान में उतरे थे। इसके बाद उन्होंने नगर परिषद में कार्यवाहक अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली। उनके कार्यकाल के दौरान सब्जी मंडी को व्यवस्थित करने, पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक के सौंदर्यीकरण, हाथी दरवाजा क्षेत्र सहित मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थानों पर पेंटिंग जैसे विभिन्न कार्य कराए जाने की बात भाजपा की ओर से कही गई है। नगर परिषद अध्यक्ष पद के उप निर्वाचन के लिए अब नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। 29 सितंबर को मतदान और 3 अक्टूबर को मतगणना निर्धारित है। ऐसे में नामांकन के बाद बुधवार से भाजपा का चुनाव कार्यालय शुरू होने के साथ ही नगर में चुनावी गतिविधियां और तेज होने की स्थिति बन गई है।