|
|
प्रतापगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत धरियावद पुलिस ने अफीम तस्करी के मामले में करीब छह माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग एवं वृत्ताधिकारी धरियावद रामेश्वर लाल के मार्गदर्शन में थानाधिकारी हजारीलाल मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी ताजेंग पिता भूरा पाटीदार, निवासी बोडीगामा बड़ा, थाना साबला, जिला डूंगरपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 31 मार्च 2026 को थाना देवगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 02 किलो 166 ग्राम अफीम का मोटरसाइकिल से परिवहन करने के मामले में दो आरोपियों को पकड़ा था। इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त व एस्कॉर्टिंग कर रही वैन भी जब्त की गई थी। प्रकरण थाना देवगढ़ में धारा 8/18, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया था।
मामले के अनुसंधान के दौरान ताजेंग की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। करीब छह माह से फरार चल रहे आरोपी को धरियावद पुलिस की गठित टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बाद अनुसंधान न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस टीम में थानाधिकारी हजारीलाल मीणा, सहायक उपनिरीक्षक नाथूलाल एवं कांस्टेबल रमेशचन्द्र (बेल्ट नंबर 387) शामिल रहे।