|
आगर-मालवा : भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी लीलाओं और भारतीय लोक-सांस्कृतिक परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से श्रीकृष्ण पाथेय न्यास, मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे ‘श्रीकृष्ण पर्व’ के अंतर्गत आगर-मालवा के मुरली मनोहर मंदिर में विशेष सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है। 4 सितम्बर, 2026 को सायं 7 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में भक्ति गायन और श्रीकृष्ण-केंद्रित नृत्य नाटिका के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के विविध भावों और लीलाओं की कलात्मक अभिव्यक्ति देखने को मिलेगी। संचालक, संस्कृति श्री एन.पी. नामदेव ने बताया कि कार्यक्रम में श्री सुंदरलाल मालवीय एवं साथी, उज्जैन द्वारा भक्ति गायन की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं, सुश्री कशिश सितलानी एवं साथी, उज्जैन द्वारा श्री कृष्ण केंद्रित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जाएगी। संगीत और नृत्य के इन दो माध्यमों के माध्यम से श्रीकृष्ण की भक्ति, प्रेम और लोकमंगल की भावना को मंच पर साकार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ‘श्रीकृष्ण पर्व’ का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी आस्था को कला और संस्कृति से जोड़ते हुए नई पीढ़ी तक उनकी जीवन-दृष्टि और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को पहुंचाना है। ऐसे आयोजन श्रद्धालुओं और कला-प्रेमियों को एक साथ आने का अवसर देते हैं, जहां भक्ति केवल आराधना तक सीमित नहीं रहती, बल्कि गीत, संगीत और नृत्य के माध्यम से जीवंत अनुभूति बन जाती है। कार्यक्रम में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। |