|
प्रधानमंत्री आवास योजना 2.2 के तहत पात्र हितग्राहियों के आवेदन करवाकर लाभान्वित करें-कलेक्टर कलेक्टर ने समय सीमा पत्रों के निराकरण की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश आगर मालवा : जन विश्वास अभियान के दौरान प्राप्त शिकायतो, समस्याओं का संबंधित अधिकारी निरंतर फॉलोअप करें और उनका निराकरण सुनिश्चित करें। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.2 के तहत जिले को पर्याप्तन संख्याव में लक्ष्य मिला है, जनपद सीईओ और सीएमओ पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर उनके पोर्टल पर आवेदन करवाएं और उन्हें आवास का लाभ प्रदान करें। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष आगर में समय सीमा पत्रों के निराकरण की समीक्षा बैठक में विभागीय समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रेम नारायण परमार, एसडीएम श्रीमती देव कुंवर सोलंकी सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर डॉ. मीना ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि वह आगामी जनविश्वास शिविर में आयोजित आधार पंजीयन शिविर में क्षेत्र के सभी शालाओं के आधार पंजीयन से शेष रहे विद्यार्थियों के आधार का पंजीयन सुनिश्चित करवाएं। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि वह जनविश्वास शिविरों में शेष हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड का पंजीयन करवाकर उन्हें कार्ड़ प्रदान करें, कोई भी पात्र आयुष्मान पंजीयन से शेष न रहे। बैठक में कलेक्टर ने छात्रवृत्ति के लंबित आवेदनों का निराकरण करने, जातिप्रमाण पत्रों के प्रकरणों का भी तत्परता पूर्वक निराकरण करने, समग्र ई-केवाईसी से शेष हितग्राहियों का समग्र ई-केवाईसी करवाने, शेष किसानों की फार्मर आईडी बनाने, स्वीकृत सभी 13 नवीन आंगनवाड़ी केंद्र भवनों का निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ करवाने तथा 50 दिवस से अधिक लंबित सीएम हेल्पलाइन तथा ग्रेडिंग माह की सीएम हेल्पलाइन का सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकरण करवाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने फसल बीमा योजना के तहत बैंकों द्वारा प्रीमियम लेने के बाद भी किसानों को फसल बीमा की राशि का भुगतान नहीं करने पर संबंधित बैंकों से बीमा क्लेम, संबंधित किसानों को भुगतान सुनिश्चित करवाने के निर्देश भी जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को दिए हैं। बैठक में बताया गया कि आगामी जनविश्वास शिविर 5 सितंबर को आगर विकासखंड की पंचायत बापचा में आयोजित किया जा रहा है। सभी जिला अधिकारी इस शिविर के पूर्व अपनी संस्थाओं कार्यालय का निरीक्षण कर, निरीक्षण प्रतिवेदन पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज करें। कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को 18 वर्ष से अधिक आयु के हितग्राहियों के नवीन आधार पंजीयन का सत्यापन तत्काल करनें के निर्देश भी दिए। |