रतलाम / सैलाना। रतलाम शहर में चड्डी-बनियान गैंग द्वारा सूने मकानों को निशाना बनाने की वारदात के बाद अब सैलाना में भी चोरों ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी है। सैलाना नगर में एक ही रात अलग-अलग स्थानों पर पांच मकानों में ताले टूटने और लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी होने की घटनाओं ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। वारदातों के बाद सुबह से ही पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति रही। रतलाम से फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए गए, वहीं शाम को पुलिस अधीक्षक अमित कुमार स्वयं सैलाना पहुंचे और घटनास्थलों का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों से पूरी जानकारी ली।
इन लगातार सामने आ रही चोरी की वारदातों को लेकर अब पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने जिलेभर में चोरी और नकबजनी के खिलाफ सख्त अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। पुराने और अनसुलझे मामलों की दोबारा पड़ताल के लिए विशेष जांच टीम यानी SIT गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं लापरवाही और कार्य में उदासीनता के मामलों को गंभीरता से लेते हुए जावरा शहर, ताल और कालूखेड़ा थाना प्रभारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जूनावास से शुरू हुआ चोरों का सिलसिला
सैलाना में चोरों ने सबसे पहले जूनावास क्षेत्र में अम्बाराम मालवीय के मकान में किराए से रह रही शिक्षिका किरण राठौर के कमरे को निशाना बनाया। कमरे का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे और सामान खंगाला, लेकिन शिक्षिका कुछ दिन पहले ही कमरा लेकर त्योहार मनाने अपने घर चली गई थीं। कमरे में चोरी करने लायक सामान नहीं मिलने पर चोर ताला तोड़कर भागीरथ पाटीदार के मकान के सामने छोड़ गए।
इसके बाद चोरों ने कुछ ही दूरी पर भवानी सिंह राठौर के मकान को निशाना बनाया। परिवार के सदस्य उनकी मां लक्ष्मी कुंवर के इलाज के लिए उदयपुर गए हुए थे। सूना मकान देखकर चोरों ने ताला तोड़ा और अंदर घुसकर एक सोने की अंगूठी, पायल, चांदी का मंगलसूत्र तथा करीब 20 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए।
दिनेश निनामा के मकान में भी घुसे
चोरों ने भवानी सिंह के घर से कुछ दूरी पर दिनेश निनामा के मकान का भी ताला तोड़ दिया। निनामा ऊपरी मंजिल पर रहते हैं। चोर नीचे पहुंचे और घरेलू सामान को खंगालकर अस्त-व्यस्त कर दिया। यहां से कितना सामान चोरी हुआ है, इसकी जानकारी पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।
सीसीटीवी में कैद हुए चोर, ललकारने पर भागे
जानकारी के अनुसार चोर इसके बाद वार्ड क्रमांक एक और दो को जोड़ने वाले दरगाह रोड क्षेत्र में पहुंचे। विशाल कुमावत की लाइब्रेरी में लगे सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध बदमाश कैद हुए हैं। फुटेज में चोर बिना चप्पल के हाथों में टॉमी और अन्य औजार लिए नजर आ रहे हैं।
चोर विशाल सिंह सिसौदिया के मकान की छत पर भी पहुंचे। इसी दौरान आहट होने पर सिसौदिया ने बदमाशों को ललकार दिया। इसके बाद चोर मौके से भाग निकले। सिसौदिया ने तत्काल डायल-100 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे।
प्रहलाद कुमावत के घर लाखों के जेवर साफ
चोरों ने कुमावत मोहल्ले में प्रहलाद कुमावत के मकान को भी निशाना बनाया। ताला तोड़कर अंदर घुसे बदमाशों ने गोदरेज की अलमारी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
परिजनों के अनुसार चोरी गए सामान में दो सोने की अंगूठियां, बड़ा सोने का मंगलसूत्र, सोने का पेंडल, दो जोड़ी पुरानी चांदी की पायल, दो जोड़ी नई चांदी की पायल, चांदी की चेन, दो चांदी की अंगूठियां, सोने की झुमकी और करीब 20 हजार रुपए नकद शामिल हैं। सामने स्थित पन्नालाल के मकान का ताला भी चोरों ने तोड़ा, लेकिन वहां से उन्हें कुछ हाथ नहीं लगा।
रतलाम में भी चड्डी-बनियान गैंग का आतंक
सैलाना की घटनाओं से ठीक पहले रतलाम शहर के औद्योगिक थाना क्षेत्र के आसाराम नगर में भी चोरों ने दो सूने मकानों को निशाना बनाया था। कृषि विभाग के भूमि संरक्षण सर्वे अधिकारी जगदीश गणावा के मकान में चार संदिग्ध रात करीब 3.45 बजे घुसे और करीब 4.10 बजे बाहर निकल गए। यानी महज करीब 25 मिनट में पूरा घर खंगाल दिया गया।
परिवार के सदस्य गमी के कारण घर से बाहर गए हुए थे। सुबह लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और घर का सामान बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी, पलंग पेटी और डिब्बों तक को खंगाल गए। घर से 60 हजार रुपए से अधिक नकदी, करीब 350 ग्राम चांदी की पायल, 12 ग्राम सोने की चेन, 3 ग्राम सोने की अंगूठी और चिल्लर चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
वारदात में एक अजीब बात भी सामने आई। चोर घर से एक शर्ट भी उठा ले गए, जिसमें पेन लगा हुआ था। यही शर्ट बाद में पड़ोसी के सूने मकान में मिली। पुलिस ने शर्ट को जब्त कर लिया है।
पड़ोसी दिलीप उपाध्याय के घर लगे सीसीटीवी कैमरे में चार संदिग्ध चड्डी-बनियान पहने नजर आए। फुटेज में एक व्यक्ति बाहर निगरानी करता दिखाई दे रहा है, जबकि तीन बदमाश घर के अंदर जाते नजर आए।
पड़ोसी के घर भी चोरी, शर्ट बनी अहम सुराग
आसाराम नगर में ही शिवनारायण शर्मा के सूने मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। परिवार 26 अगस्त की रात रक्षाबंधन मनाने बिजयनगर राजस्थान गया था। शुक्रवार सुबह पड़ोस की महिला ने फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी। वापस लौटने पर सामान अस्त-व्यस्त मिला और जांच में सोने का मंगलसूत्र गायब मिला। यहां चोर एक डंडा और शर्ट छोड़ गए थे। पुलिस के अनुसार यह वही शर्ट है जिसे कृषि अधिकारी के घर से चोर उठा ले गए थे।
कॉम्बिंग गश्त के दावों के बीच पांच वारदातों ने बढ़ाई चिंता
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस दौरान जिले में कॉम्बिंग गश्त किए जाने का दावा किया जा रहा था, उसी दौरान सैलाना में एक के बाद एक पांच स्थानों पर ताले टूट गए। इससे पुलिस की रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। रात में छोटी सड़क क्षेत्र में शिक्षक हरीश चौहान के मकान का शटर थपथपाने की आवाज भी आई थी। बाहर देखने पर कोई नजर नहीं आया। इससे आशंका है कि बदमाश रातभर क्षेत्र में घूमकर सूने मकानों की रेकी कर रहे थे।
सुबह पुलिस पहुंची, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने जुटाए साक्ष्य
लगातार चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस सुबह करीब 7 बजे घटनास्थलों पर पहुंची। थाना प्रभारी पिंकी आकाश नें चोरी की वारदात को सज्ञानं मे लिया करीब 11 बजे रतलाम से फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट दिनेश राठी सैलाना पहुंचे और अलग-अलग स्थानों से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। सब इंस्पेक्टर जगताप, आरक्षक दिनेश पाटीदार आरक्षक तूफान भूरिया सहित पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
शाम को एसपी अमित कुमार ने सैलाना पहुंचकर घटनास्थलों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटनाक्रम की जानकारी ली और आरोपियों तक जल्द पहुंचने के निर्देश दिए।
एसपी अमित कुमार का बड़ा एक्शन, अब 12 से 5 बजे तक सघन गश्त
जिले में लगातार बढ़ रही चोरी और नकबजनी की घटनाओं को देखते हुए एसपी अमित कुमार ने पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अब चोरी की वारदातों पर सिर्फ घटना के बाद कार्रवाई नहीं, बल्कि अपराध होने से पहले रोकथाम पर भी फोकस किया जाए।
संवेदनशील इलाकों, सूने मकानों और व्यापारिक क्षेत्रों में रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक सघन पुलिस गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। शहरी क्षेत्रों में मोटरसाइकिल गश्त बढ़ाई जाएगी। बिना नंबर या संदिग्ध नंबर प्लेट वाले वाहनों की जांच होगी और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जाएगी।
जिले के एंट्री-एग्जिट पॉइंट और सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थाई एवं अस्थाई नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की निगरानी के भी निर्देश दिए गए हैं।
जेल से छूटे बदमाशों की खुलेगी कुंडली
एसपी के निर्देश के बाद पिछले दो वर्षों में संपत्ति संबंधी अपराधों में जेल से रिहा हुए आरोपियों, जमानत पर बाहर आए बदमाशों और पुराने नकबजनों की सूची अपडेट की जाएगी। उनकी वर्तमान गतिविधियों और लोकेशन पर निगरानी रखी जाएगी। आसपास के जिलों में हुई चोरी की घटनाओं और वहां सक्रिय गिरोहों की जानकारी जुटाकर अंतर-जिला समन्वय से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास होगा।
वहीं शहर के प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों और एंट्री-एग्जिट पॉइंट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की भी जांच की जाएगी। पुलिस ने व्यापारियों और नागरिकों से अपने मकानों एवं प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी लगाने तथा किरायेदारों, घरेलू नौकरों और मजदूरों का पुलिस सत्यापन कराने की अपील की है।
अब चोरों की बारी या पुलिस की परीक्षा?
रतलाम के आसाराम नगर में चड्डी-बनियान पहने संदिग्धों की मौजूदगी और इसके बाद सैलाना में एक ही रात पांच मकानों में चोरी ने जिले में सक्रिय चोर गिरोहों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। सैलाना में लाखों के जेवर और नकदी चोरी होने से नागरिकों में भय का माहौल है। दूसरी ओर एसपी अमित कुमार के औचक निरीक्षण और सख्त निर्देशों के बाद अब पुलिस के सामने दोहरी चुनौती है—एक तरफ सैलाना की ताजा वारदातों का खुलासा करना और दूसरी तरफ जिले में सक्रिय चोर गिरोहों पर शिकंजा कसना।
सीसीटीवी फुटेज, मौके से मिले फिंगर प्रिंट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस बदमाशों तक पहुंचने में जुटी है। अब निगाह इस बात पर है कि सैलाना की इन सनसनीखेज वारदातों का पुलिस कितनी जल्दी खुलासा करती है और क्या रतलाम-सैलाना की घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत