रतलाम / सैलाना। सैलाना विधानसभा क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्वास्थ्य सुविधाओं की कथित बदहाली को लेकर विधायक कमलेश्वर डोडियार ने मोर्चा खोल दिया है। विधायक ने 30 अगस्त 2026 को जिला रतलाम के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को पत्र भेजकर अस्पताल की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार कराने की मांग की है। विधायक ने इसे सामान्य शिकायत नहीं बल्कि अत्यावश्यक जनहित का मामला बताते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।
विधायक डोडियार ने पत्र में कहा कि सैलाना सीएचसी पर सैलाना विधानसभा क्षेत्र के 200 से अधिक गांवों के हजारों ग्रामीण उपचार के लिए निर्भर हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सरकारी अस्पताल ही सस्ता और सुलभ उपचार का प्रमुख माध्यम है। इसके बावजूद अस्पताल में मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है।
विधायक के अनुसार सीएचसी सैलाना में करीब एक वर्ष से ECG मशीन उपलब्ध नहीं है। इसके चलते सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ और हृदय संबंधी गंभीर समस्या वाले मरीजों की प्राथमिक जांच समय पर नहीं हो पा रही है। मरीजों को मजबूरी में निजी जांच केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
पत्र में टिटनेस (TT) इंजेक्शन की लंबे समय से उपलब्धता नहीं होने की शिकायत का भी उल्लेख किया गया है। दुर्घटना, चोट और आकस्मिक मामलों में मरीजों को बाहर से इंजेक्शन खरीदने की स्थिति बनने की बात कही गई है। इसके साथ ही चिकित्सकों की कमी, आवश्यक दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता को लेकर भी विधायक ने सवाल उठाए हैं।
डोडियार ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई और रखरखाव पर भी नाराजगी जताई। पत्र में परिसर में कीचड़ और गाजर घास उगने से मरीजों व उनके परिजनों को परेशानी होने की बात कही गई है। एंबुलेंस सेवा में शिकायतों तथा अस्पताल कर्मचारियों के निर्धारित समय से पहले चले जाने के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग भी की गई है।
विधायक ने CMHO से वरिष्ठ अधिकारियों की टीम भेजकर सीएचसी का तत्काल निरीक्षण कराने, चालू स्थिति में नई ECG मशीन उपलब्ध कराने, TT इंजेक्शन सहित जीवनरक्षक दवाइयों और इंजेक्शनों का पर्याप्त स्टॉक रखने, रिक्त चिकित्सकीय पदों पर डॉक्टर एवं आवश्यक स्टाफ की पदस्थापना करने की मांग की है।
साथ ही पैथोलॉजी एवं अन्य जांच सुविधाओं को नियमित रूप से संचालित कराने, एंबुलेंस सेवा सुचारू करने, अस्पताल परिसर की नियमित सफाई कराने और कर्मचारियों की उपस्थिति व कार्य समय की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया है। विधायक ने अस्पताल में उपलब्ध और अनुपलब्ध दवाइयों, उपकरणों तथा चिकित्सकों की वर्तमान स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है।
अब देखना होगा कि विधायक की शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग सैलाना सीएचसी की व्यवस्थाओं को लेकर कितना गंभीर रुख अपनाता है और अस्पताल में मरीजों को जरूरी सुविधाएं कब तक उपलब्ध हो पाती हैं।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत