रतलाम। सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जय कैला माता शैक्षणिक एवं सामाजिक कल्याण समिति रतलाम द्वारा संचालित आरोग्य प्रकोष्ठ पीएम विश्वकर्मा एडवांस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय यातायात जागरूकता वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ ही सुरक्षित वाहन चलाने और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए महत्वपूर्ण सावधानियों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजमिस्त्री प्रशिक्षण के सदस्य जगदीश लाल पांचाल एवं दिनेश बैरागी द्वारा अतिथि यातायात सूबेदार अनोखीलाल परमार एवं आरक्षक नरेंद्र चौरें का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत करने के साथ हुआ। इस दौरान यातायात सूबेदार अनोखीलाल परमार ने प्रशिक्षणार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर रहने की अपील की।
सूबेदार परमार ने कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें और किसी भी स्थिति में नशे की हालत में वाहन न चलाएं। उन्होंने परिवार के सदस्यों से विशेष रूप से अपील करते हुए कहा कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए गाड़ी नहीं दें। कम उम्र में वाहन चलाना बच्चों के साथ-साथ अन्य राहगीरों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।
उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, सही दिशा में वाहन चलाने, निर्धारित एवं सुरक्षित गति रखने तथा वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन नहीं चलाना चाहिए। यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं बल्कि स्वयं और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान पैरा लीगल वालेंटियर पं. विजय हेमकांत शर्मा ने प्रशिक्षणार्थियों को कानून साक्षरता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने नागरिकों के अधिकारों, कर्तव्यों और कानून के पालन के महत्व पर प्रकाश डाला।
वर्कशॉप में पीएम विश्वकर्मा एडवांस के प्रशिक्षणार्थियों सहित संस्था सदस्य राखी सेन एवं वैदिक शर्मा की सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन संस्था संस्थापक रौनक जैन ने किया, जबकि आभार रिफाकत अंसारी ने व्यक्त किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क सुरक्षा का संदेश घर-घर तक पहुंचाना रहा। वर्कशॉप के दौरान दिए गए संदेश ने उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों को जिम्मेदार वाहन चालक बनने और दूसरों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत