|
लीज नवीनीकरण, नामांतरण एवं संपत्ति कर के लंबित प्रकरणों के निराकरण के दिए निर्देश नीमच । मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने गुरुवार को नगर पालिका नीमच कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की व्यवस्थाओं एवं नागरिक सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के प्रमुख बिंदु- कलेक्टर श्री चंद्रा ने लोक सेवा गारंटी, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र एवं रसीद काउंटर का निरीक्षण किया। राजस्व शाखा में बगला बगीचा प्रकोष्ठ का निरीक्षण कर लीज नवीनीकरण एवं नामांतरण से संबंधित प्रकरणों की नस्तियों का अवलोकन किया। लीज नवीनीकरण के लिए आए आवेदक श्री गणपत लाल एवं श्री राजाराम मारू से प्रकरण की जानकारी ली तथा लीज जमा किए जाने की स्थिति जानी। कलेक्टर ने आवेदकों से नामांतरण एवं लीज संबंधी प्रक्रिया की जानकारी ली और उनकी समस्याओं के बारे में भी पूछा। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को 5 सितंबर तक लीज नवीनीकरण, नामांतरण एवं संपत्ति कर से संबंधित लंबित प्रकरणों की सूची तैयार कर उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सीएमओ कक्ष, स्वास्थ्य शाखा एवं संपत्ति कर कक्ष का भी निरीक्षण किया। संपत्ति कर जमा करने आए आवेदकों से नामांतरण एवं संपत्ति संबंधी जानकारी ली तथा पूछा कि उन्हें किसी प्रकार की समस्या तो नहीं हो रही है। उन्होंने संपत्ति कर से संबंधित नस्तियों का भी अवलोकन किया और लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एसडीएम श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती मयूरी जौक, श्री चंद्रसिंह धारवे, सीएमओ श्रीमती दुर्गा बामनिया सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। |