|
खेलों में भारत को महाशक्ति बनाने का संकल्प, नीमच में गूंजा प्रधानमंत्री मोदी का संदेश नीमच । भारत के हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस की पृष्ठभूमि में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान को लेकर नीमच के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं और युवतियों को खेलों से जोड़ने तथा खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के युवाओं से वर्चुअली जुड़ते हुए खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और खेल के क्षेत्र में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांव, ब्लॉक और तहसील स्तर तक विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अच्छे प्रशिक्षक, कोच तथा आधारभूत खेल सुविधाएं जिला और ब्लॉक स्तर पर उपलब्ध कराने पर भी सरकार का विशेष ध्यान है। प्रधानमंत्री ने लक्ष्य रखा कि 2036 के ओलंपिक में भारत पदक तालिका में विश्व के प्रथम 10 देशों में शामिल हो और 2047 तक विकसित भारत के साथ भारत खेलों की महाशक्ति बने। कार्यक्रम में स्पोर्ट्स आइकॉन के रूप में श्रीमती मीनाक्षी सिसोदिया, मीनाक्षी यादव, सुमित छाबड़िया एवं जितिन शर्मा को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में विधायक दिलीप सिंह परिहार ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नीमच में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खेल आयोजनों और खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं को अच्छे खेल प्रदर्शन के साथ पढ़ाई के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय की छात्रा तन्वी लखेरा ने खेलो इंडिया संवाद के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्री विश्वदेव शर्मा ने नीमच से निकली राष्ट्रीय खेल प्रतिभाओं का उल्लेख किया और कहा कि अब नीमच के युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे इस खेल परंपरा को आगे बढ़ाएं। कार्यक्रम में आर्टिस्ट एवं राज्य स्तरीय कला सम्मान से सम्मानित यू-ट्यूब इन्फ्लुएंसर मीनाक्षी यादव ने भी युवाओं को अच्छे कार्य कर राष्ट्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशान्त मिश्रा ने स्वागत उद्बोधन में खेलों को जीवन में महत्वपूर्ण स्थान देने की आवश्यकता बताई। इस अवसर पर माय भारत युवा केंद्र के स्वयंसेवक कुलदीप राठौर सहित अन्य अतिथि एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. संजय जोशी ने किया, जबकि आभार कार्यक्रम के नोडल अधिकारी प्रो. राकेश कुमार कस्वां ने व्यक्त किया। |