रतलाम / रावटी। शासकीय सांदीपनि विद्यालय रावटी में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था प्राचार्य श्री अमरसिंह भाभर द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात प्राचार्य द्वारा विधिवत ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी।
इसके बाद विद्यालय परिसर से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत रैली निकाली गई। रैली के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
मुख्य कार्यक्रम विद्यालय के मल्टीपर्पज हाल में आयोजित किया गया। यहां विद्यार्थियों ने देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। छात्राओं द्वारा आदिवासी लोकनृत्य तथा देशभक्ति गीतों पर आकर्षक एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में जेम्स मोहन, हीरालाल खराड़ी, गोविन्द धाकड़, रक्षा देव एवं संतोष राठौर ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान पर प्रकाश डाला।
प्राचार्य अमरसिंह भाभर ने अपने उद्बोधन में कहा कि देश की आजादी अनेक वीर देशभक्तों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। हमें स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए तथा देश की एकता, अखंडता और विकास में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित में जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन गिरीश ठक्कर ने किया, जबकि आभार कैलाश चारेल ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदीप दोहरे, दिलीप मेघवाल, जे.पी. राठौर, नेहा डामोर, रामलाल भाभर, विश्वास बैरागी, अशोक सोलंकी, नाजनीन अबासी, एस.के. राठौर, निधि श्रीवास्तव, बबिता हारी, भूरी चंद्रावत, विभा मंडलोई, अमृता दानम, गिरीश चौहान, अरुणा तवर, सोनू नागदिया, एस. शर्मा एवं ओ.पी. पाटीदार सहित विद्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट ईश्वर टांक ( बाजना )