रतलाम। अखंड भारत संकल्प दिवस के अवसर पर अन्तरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल, जिला रतलाम के तत्वावधान में शहीद चौक पर दीप प्रज्वलन, वीर शहीदों को श्रद्धांजलि एवं अखंड भारत संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान शहीद चौक राष्ट्रभक्ति के भाव से ओतप्रोत नजर आया। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर देश की स्वतंत्रता एवं राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अन्तरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद जिला अध्यक्ष संदेश पापटवाल ने की। मुख्य वक्ता के रूप में मालवा प्रांत उपाध्यक्ष संतोष परमार उपस्थित रहे। उन्होंने अखंड भारत संकल्प दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अखंड भारत का विचार केवल भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारत की सांस्कृतिक एकता, राष्ट्रीय चेतना, गौरवशाली परंपराओं और समाज को एक सूत्र में बांधने वाली भावना का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित, संस्कृति एवं समाज की एकता के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में हिंदू हेल्पलाइन जिला अध्यक्ष डॉ. पूनम कुमावत, जिला महामंत्री लाखन सिंह चंद्रावत, तहसील अध्यक्ष भगवती लाल पाटीदार सहित कुलदीप सिंह पवार, अनिल जाट, राजेश माली, उषा कुमावत, राजेश कटारा, अजय सिंह पवार, नितेश सोलंकी, निखिल बोरीवाल, श्रीमती रुक्मणी बोरीवाल, अर्पित मेहरा एवं श्रीमती सुनीता बोरीवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में डॉ. पीयूष कुमावत की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने वीर शहीदों को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सांस्कृतिक विरासत की रक्षा करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान भारत माता के जयघोष एवं राष्ट्रभक्ति के भाव से वातावरण गूंज उठा।
आयोजन के समापन पर अन्तरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल, जिला रतलाम की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाले सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, धर्मप्रेमी नागरिकों तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी बंधुओं के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत