|
|
आगर : महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला आगर मालवा द्वारा नव नियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए इंडक्शन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन एनआरएलएम भवन, आगर मालवा में 20 जुलाई 2026 से 25 जुलाई 2026 तक सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) श्री राजीव गुप्ता ने किया । अपने उद्बोधन में उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को उनके दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने तथा प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान को क्षेत्रीय कार्यों में लागू करने के लिए प्रेरित किया। छः दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विषय विशेषज्ञों एवं प्रशिक्षकों द्वारा आंगनवाड़ी सेवाओं, पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा, बाल संरक्षण, अभिलेख संधारण, विभागीय योजनाओं तथा शासकीय दिशा-निर्देशों सहित विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में सहभागी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई, जिससे उनके ज्ञान, कौशल एवं कार्य दक्षता में वृद्धि हुई। प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन 25 जुलाई 2026 को जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास श्री राजीव गुप्ता के उद्बोधन के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान का मूल्यांकन करने हेतु सभी प्रशिक्षार्थियों की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा उपरांत सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव का उपयोग क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रेरित किया। उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु रीनू पंत एवं संगीता तोमर, दोनों प्रभारी सीडीपीओ (CDPO) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था। दोनों नोडल अधिकारियों के कुशल मार्गदर्शन, प्रभावी समन्वय एवं सतत प्रयासों से छः दिवसीय इंडक्शन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन सुनिश्चित हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की क्षमता संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ, जिससे विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं हितग्राहियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। |