|
|
आगर-मालवा। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री डी.एस. चौहान के मार्गदर्शन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती अश्विनी सिंह के नेतृत्व में जिला न्यायालय परिसर स्थित मध्यस्थता कक्ष में बुधवार को पैरालीगल वालेंटियर्स का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री डी.एस. चौहान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य पैरालीगल वालेंटियर्स को डिजिटल साक्षरता, सीआईएस (CIS) पोर्टल के उपयोग तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर प्रथम जिला न्यायाधीश श्री नीति राज सिंह सिसौदिया, द्वितीय जिला न्यायाधीश श्री मधुसूदन जंघेल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री अरुण सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती अश्विनी सिंह, व्यवहार न्यायाधीश श्रीमती मोनिका यादव, सुश्री प्रियंका चौहान एवं सभी पैरालीगल वालेंटियर्स उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में रिसोर्स पर्सन श्री आदित्य यादव, सिस्टम असिस्टेंट/आईटी असिस्टेंट ने सीआईएस पोर्टल के उपयोग, डिजिटल साक्षरता, जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता, न्यायालयीन प्रकरणों की स्थिति एवं अगली तारीख देखने तथा दस्तावेजों की ऑनलाइन प्रति प्राप्त करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। साइबर सुरक्षा एवं साइबर फ्रॉड से बचाव विषय पर रिसोर्स पर्सन सुश्री राखी गुर्जर, उपनिरीक्षक, मध्य प्रदेश पुलिस ने ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार तथा साइबर अपराधों की रोकथाम संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। प्रशिक्षण के समापन पर आयोजित संवादात्मक सत्र में पैरालीगल वालेंटियर्स द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों के उत्तर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं रिसोर्स पर्सन द्वारा विस्तार से दिए गए। |