|
|
रतलाम / बाजना। रतलाम जिले के बाजना स्थित शासकीय उत्कृष्ट बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मध्यप्रदेश पुलिस के नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना रहा। एसडीओपी नीलम बघेल थाना प्रभारी रविंद्र दण्डोतिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, उसके सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक दुष्परिणामों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार, समाज और भविष्य को भी प्रभावित करता है। युवाओं को किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों की ओर ध्यान देना चाहिए। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक (एसआई) योगेश सिसोदिया, उपनिरीक्षक (एसआई) रामसिंह खपेड एवं आरक्षक सन्नी मईडा (आरक्षक क्रमांक 832) ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए नशे के खिलाफ जागरूक रहने और अपने आसपास भी लोगों को इसके प्रति सचेत करने का आह्वान किया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध, गलत संगति और नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी से जुड़े मामलों के प्रति भी सतर्क रहने की सलाह दी। विद्यालय के प्राचार्य मोतीलाल लाल डोडियार ने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और समाज में भी नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त शिक्षकीय एवं गैर-शिक्षकीय स्टाफ तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। पुलिस और विद्यालय प्रशासन की इस संयुक्त पहल को विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सराहा और इसे समाज में नशामुक्त वातावरण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। रिपोर्ट : जितेंद्र जी कुमावत |