रतलाम / बाजना। अंबे चौक एवं मुख्य बाजार में लंबे समय से सड़क पर लग रही अवैध दुकानों और बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ पंचायत एवं पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अतिक्रमणकारियों को एक दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम दिया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में पूरे दिन हलचल का माहौल बना रहा।
मंगलवार को सरपंच रामजी निनामा, सहायक सचिव ऋषि जोशी अपनी टीम के साथ अंबे चौक पहुंचे और सड़क के बीचोंबीच दुकानें लगाकर यातायात बाधित करने वाले व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी दुकानें पीछे हटाएं।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई करेगा।
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाजना थाना प्रभारी रविंद्र कुमार दण्डोतिया पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस की उपस्थिति में प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को समझाइश दी और सार्वजनिक मार्ग को खाली रखने की आवश्यकता बताई। अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण के कारण न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है।
गौरतलब है कि अंबे चौक बाजना का प्रमुख बाजार क्षेत्र है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया बसें और भारी वाहन गुजरते हैं। यही मार्ग रतलाम, बांसवाड़ा, जावरा, मंदसौर, नीमच, इंदौर और गुजरात की ओर जाने वाले यातायात का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में सड़क पर लगी दुकानों के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण की समस्या को लेकर लंबे समय से शिकायतें की जा रही थीं। अब प्रशासन द्वारा दिए गए एक दिन के अल्टीमेटम के बाद सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या अतिक्रमणकारी स्वयं सड़क खाली करेंगे या फिर प्रशासन बुलडोजर और अन्य संसाधनों के साथ सख्त कार्रवाई करेगा।
फिलहाल अंबे चौक में प्रशासन की सक्रियता से यह स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि सार्वजनिक मार्गों पर अवैध कब्जे अब अधिक समय तक बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि निर्धारित समय सीमा पूरी होते ही प्रशासन अंबे चौक एवं मुख्य बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई करेगा जिससे यातायात व्यवस्था सुधरेगी और आम लोगों को राहत मिलेगी।
रिपोर्ट - ईश्वर टांक ( बाजना )
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत