जावरा (रतलाम)। जावरा शहर पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए तलवार लहराने के वीडियो पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक धारदार तलवार जब्त की है। मामले में नाबालिग बालिका का पीछा करने, परिजनों को धमकाने तथा हथियार के बल पर भय का माहौल बनाने के आरोप में पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 29 जून 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक युवक खुलेआम तलवार लहराते हुए लोगों को धमकाता दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आते ही जावरा शहर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान पीड़ित पक्ष की शिकायत पर सामने आया कि आरोपी लंबे समय से एक नाबालिग बालिका का पीछा कर रहा था। परिजनों द्वारा समझाइश दिए जाने के बावजूद आरोपी नहीं माना और तलवार लेकर उनके घर पहुंचकर धमकी देने लगा।
प्रारंभिक जांच के आधार पर थाना जावरा शहर में आरोपी खालिद पिता सलीम खां (22 वर्ष), निवासी खत्रीपुरा, जावरा तथा एक अन्य आरोपी फारूख सलीम के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं, पॉक्सो एक्ट की धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी खालिद को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक लोहे की धारदार तलवार बरामद की है। दूसरे आरोपी को भी अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने और सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों के साथ दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। मामले की विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार मंडलोई के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राकेश मेहरा, आरक्षक ललितसिंह जगावत, राजेश पटेल, सुगड़सिंह, राजेश पवार, आकाश परिहार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत