|
|
सिंगोली। नगर की राजीव आवास कॉलोनी में गार्डन हेतु आरक्षित भूमि पर नगर परिषद द्वारा भूखंडों की ऑनलाइन नीलामी किए जाने के विरोध में अब जनआक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। भाजपा, कांग्रेस और कॉलोनीवासियों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित नीलामी निरस्त करने की मांग की। वहीं नगर परिषद कार्यालय में सीएमओ के अनुपस्थित मिलने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप ज्ञापन की प्रति उनकी कुर्सी पर चस्पा कर दी। जानकारी के अनुसार वर्ष 1998 में तत्कालीन नगर पालिका परिषद द्वारा विकसित राजीव आवास कॉलोनी में नागरिकों के लिए गार्डन एवं सार्वजनिक उपयोग हेतु भूमि आरक्षित की गई थी। आरोप है कि वर्तमान नगर परिषद ने इसी भूमि पर गुपचुप तरीके से 12 भूखंड काटकर 9 मई को उनकी ऑनलाइन नीलामी की विज्ञप्ति जारी कर दी। खास बात यह रही कि विज्ञप्ति ऐसे दो समाचार पत्रों में प्रकाशित की गई जिनकी सिंगोली नगर में न तो प्रतियां आती हैं और न ही कोई स्थानीय प्रतिनिधि है। इसी मुद्दे को लेकर बुधवार सुबह बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता और कॉलोनीवासी तहसील कार्यालय पहुंचे। उन्होंने नारेबाजी करते हुए नायब तहसीलदार बालकृष्ण मकवाना को आपत्ति आवेदन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि स्वीकृत नक्शे में संबंधित भूमि गार्डन एवं सार्वजनिक उपयोग के लिए आरक्षित है, जहां बच्चों, बुजुर्गों और नागरिकों के लिए खुला स्थान प्रस्तावित था। यदि यहां प्लॉट बना दिए गए तो कॉलोनीवासी सार्वजनिक सुविधा से वंचित हो जाएंगे और कॉलोनी का वातावरण एवं सौंदर्य भी प्रभावित होगा। दोपहर करीब 12 बजे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सत्यनारायण धाकड़ एवं नगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेश भंडारी के नेतृत्व में तहसीलदार को ज्ञापन दिया। इसके बाद नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर सीएमओ को ज्ञापन देने का प्रयास किया, लेकिन अधिकारी के अनुपस्थित मिलने पर कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप ज्ञापन की प्रति उनकी कुर्सी पर चस्पा कर दी। कांग्रेस कार्यकर्ता पंकज तिवारी ने आरोप लगाया कि परिषद द्वारा आरक्षित गार्डन भूमि पर भूखंडों की नीलामी कर बड़ा घोटाला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को भनक न लगे इसलिए विज्ञप्ति ऐसे समाचार पत्रों में प्रकाशित करवाई गई जो नगर में उपलब्ध ही नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में भी राजीव आवास योजना के शेष भूखंडों में बंदरबांट हुई थी और कुछ भूखंड भाजपा नेताओं से जुड़े लोगों के नाम किए गए थे। भाजपा जिला महामंत्री के पुत्र एडवोकेट प्रमोद सोनी ने कहा कि जिन लोगों ने गार्डन सुविधा को देखते हुए यहां प्लॉट खरीदे थे, उनके साथ धोखा किया जा रहा है। भाजयुमो ने कॉलोनीवासियों के साथ अलग से ज्ञापन सौंपकर नीलामी निरस्त करने की मांग की है। वहीं नगर परिषद के प्रभारी सीएमओ कपिल सिंह राजावत ने कहा कि परिषद को विकास कार्यों और नई बिल्डिंग निर्माण के लिए फंड की आवश्यकता है। निकाय के पास आय के अन्य पर्याप्त साधन नहीं हैं, इसलिए प्लॉट बेचकर प्राप्त राशि विकास कार्यों में उपयोग की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित भूमि का आज तक कोई उपयोग नहीं हुआ और वहां गंदगी फैली रहती है। नागरिकों की आपत्तियों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा। नायब तहसीलदार बालकृष्ण मकवाना ने बताया कि नगरवासियों द्वारा दिए गए आवेदन को उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा तथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट : दिनेश जोशी |