रतलाम / सैलाना (अडवाणिया)
पंचमुखी हनुमान मंदिर आश्रम अडवाणिया में आयोजित होने वाला संत स्वामी श्री आनंद गिरि जी महाराज का प्रस्तावित पट्टाभिषेक कार्यक्रम अब 24 मई के स्थान पर आगामी 17 जून को संपन्न होगा। यह जानकारी निरंजनी अखाड़े के सचिव रतनपुरा जी के माध्यम से दी गई। धार्मिक मान्यताओं एवं वर्तमान में चल रहे मलमास को देखते हुए कार्यक्रम की तिथि में परिवर्तन किया गया है।
आश्रम की ओर से जारी संदेश में बताया गया कि वर्तमान समय में मलमास चल रहा है, जिसे धार्मिक दृष्टि से विशेष माना जाता है। इस अवधि में विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन तथा अन्य मांगलिक और शुभ कार्य नहीं किए जाते। प्रारंभ में स्वामी आनंद गिरि जी महाराज का पट्टाभिषेक 24 मई को निर्धारित किया गया था, लेकिन बाद में मलमास का ध्यान आने पर संत समाज एवं अखाड़ा परिषद से विचार-विमर्श कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
संत समाज ने बताया कि मलमास में भले ही शुभ कार्य वर्जित माने जाते हों, लेकिन धार्मिक कथाओं और सत्संग का विशेष महत्व होता है। रामायण, श्रीमद्भागवत, शिवपुराण जैसी कथाओं का श्रवण इस अवधि में दस गुना अधिक पुण्यदायी माना जाता है। इसी कारण विभिन्न तीर्थ स्थलों पर इन दिनों धार्मिक आयोजन, कथा एवं प्रवचन लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।
अब स्वामी श्री आनंद गिरि जी महाराज का पट्टाभिषेक 17 जून को अमृत योग में भव्य एवं धार्मिक वातावरण के बीच संपन्न होगा। यह आयोजन पंचायती अखाड़ा निरंजनी की ओर से बड़े स्तर पर किया जाएगा। कार्यक्रम में अनेक संत-महात्मा, मंडलेश्वर एवं अखाड़े के पदाधिकारी शामिल होंगे।
आश्रम परिवार एवं संत समाज ने सभी भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे संतों का आशीर्वाद प्राप्त करें और इस धार्मिक आयोजन में अपनी सहभागिता दर्ज कराएं।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत