|
|
नीमच। जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस व्यवस्था को और अधिक संवेदनशील बनाने की दिशा में मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने स्वयं फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। यह शिविर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन उज्जैन के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसमें जनसुनवाई के साथ-साथ सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर भी लगाया गया। शिविर के दौरान सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 15 शिकायतों का संतुष्टि पूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद करवाया गया। जनसुनवाई शिविर में करीब 55 फरियादी एसपी श्री व्यास के समक्ष पहुंचे और अपनी समस्याएं रखीं। पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर के दौरान भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से जुड़े मामले, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न समस्याओं पर विशेष रूप से सुनवाई की गई। एसपी श्री व्यास ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का समय पर, पारदर्शी और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए। गर्मी के मौसम को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस इकाइयों में फरियादियों के लिए शीतल पेयजल की समुचित व्यवस्था करने तथा आमजन के साथ सद्व्यवहार बनाए रखने के भी निर्देश दिए। शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद रोहित राठौर, एसडीओपी मनासा निकीता सिंह सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, संबंधित शाखाओं के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे। |