|
|
नीमच। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जावद थाना अंतर्गत नयागांव चौकी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक मारूति स्विफ्ट कार से 1 किलो 784 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री एवं डीजीपी मध्यप्रदेश के निर्देश पर चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नवलसिंह सिसौदिया एवं एसडीओपी जावद श्री रोहित राठौड़ के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी जावद निरीक्षक श्री मनोजसिंह जादौन के नेतृत्व में चौकी प्रभारी नयागांव मंगलसिंह राठौड़ एवं उनकी टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को 17 मई 2026 की सुबह विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि जावद-नयागांव रोड से एक कार में अवैध मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर ढाबा माता मंदिर पुलिया के पास नाकाबंदी की गई। इसी दौरान मारूति कंपनी की स्विफ्ट कार क्रमांक RJ-09-CC-3584 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 1 किलो 784 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए कार चालक सुरेश मालवीय पिता भगतराम, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम चडौली थाना नीमच सिटी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई में नयागांव पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका बताई है। |