|
|
नीमच। जिले के ग्राम दलपतपुरा में कल 18 मई 2026 को प्रशासन की महत्वपूर्ण रात्रि चौपाल आयोजित की जाएगी। तहसील जीरन के मिडिल स्कूल परिसर में शाम 5 बजे से शुरू होने वाली इस चौपाल में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा स्वयं ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं का मौके पर निराकरण किया जाएगा। प्रशासन द्वारा इसे जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है। जिले में यह तीसरी रात्रि चौपाल होगी। इससे पहले कोज्या एवं ग्राम टामोटी में भी सफल आयोजन किए जा चुके हैं। योजनाओं के लिए विशेष शिविर और आधार कैंप ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मिडिल स्कूल दलपतपुरा में सुबह 10 बजे से रात्रि चौपाल समाप्ति तक आधार कैंप लगाया जाएगा, जहां दो मशीनों के माध्यम से आधार संबंधी कार्य किए जाएंगे। इसके साथ ही शाम 4:30 बजे से कृषि, महिला एवं बाल विकास, उद्यानिकी, स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा, आदिम जाति कल्याण एवं खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा हितग्राही मूलक शिविर भी लगाए जाएंगे, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। कार्यक्रम स्थल पर विशेष व्यवस्थाएं जनपद पंचायत नीमच द्वारा कार्यक्रम स्थल पर टेंट, प्रकाश व्यवस्था, माइक, साउंड सिस्टम, पेयजल, फ्लेक्स बैनर तथा आवेदन लेने की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। वहीं विद्युत विभाग द्वारा निर्बाध बिजली आपूर्ति एवं जनरेटर की व्यवस्था की जाएगी। तहसीलदार जीरन को कार्यक्रम का समग्र समन्वय सौंपा गया है तथा सभी अधिकारियों को समय पूर्व उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों के लिए विशेष निर्देश प्रशासन ने सभी जिला अधिकारियों को कलेक्ट्रेट से विशेष यात्री बस के माध्यम से ही दलपतपुरा पहुंचने के निर्देश दिए हैं। किसी भी अधिकारी को निजी शासकीय वाहन उपयोग करने की अनुमति नहीं रहेगी। प्रशासन ने ग्राम दलपतपुरा सहित आसपास के ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है। |