|
|
नीमच । नवागत पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने पदभार ग्रहण करने के बाद शुक्रवार शाम पुलिस कंट्रोल रूम नीमच में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। एसपी श्री व्यास ने अधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए जिले की भौगोलिक स्थिति, थाना क्षेत्रों एवं संवेदनशील इलाकों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में किसी भी प्रकार के अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए तथा अपराध रोकना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। बैठक में महिलाओं, बच्चों एवं समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता बरतने के विशेष निर्देश दिए गए। साथ ही मुख्य मार्गों, चौराहों एवं तिराहों पर कड़ी निगरानी रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने तथा रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। एसपी श्री व्यास ने थाना रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने, लंबित अपराधों एवं माल के समयबद्ध निराकरण, एनडीपीएस प्रकरणों में पारदर्शिता बनाए रखने तथा साम्प्रदायिक घटनाओं की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने एमएलसी एवं पीएम रिपोर्ट को मेडलेपर पोर्टल के माध्यम से भेजने एवं प्राप्त करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, ई-साक्ष्य आधारित विवेचना को मजबूत बनाने तथा साइबर अपराध और महिला अपराधों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए नियमित अभियान चलाने पर भी विशेष जोर दिया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, एसडीओपी जावद रोहित राठौर, एसडीओपी मनासा निकीता सिंह, रक्षित निरीक्षक विक्रम सिंह भदौरिया सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। |