नीमच । नगर के प्रतिष्ठित ए ग्रेड प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस स्वामी विवेकानंद गवर्नमेंट पीजी अग्रणी महाविद्यालय में विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सौजन्य से मानव जीवन बचाने वाली आपातकालीन सीपीआर प्रणाली का जीवंत प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को हृदयाघात की स्थिति में तुरंत सहायता प्रदान करने के लिए सीपीआर देने की विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। मानसिक स्वास्थ्य प्रशिक्षण एवं परामर्श के जिला समन्वयक डॉ संजय जोशी ने बताया कि विश्व रेडक्रॉस दिवस लोगों में उदारता, सहानुभूति, निस्वार्थ सेवा और मानवता की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनाया जाता है।
प्रशिक्षण के दौरान नीमच के प्रसिद्ध चिकित्सक एवं सर्जन तथा जिला रेडक्रॉस सोसायटी नीमच के सचिव डॉ स्वप्निल वधवा ने एक विद्यार्थी को हृदयाघात आने की स्थिति का सजीव प्रदर्शन कर सीपीआर देने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि सही समय पर दिया गया सीपीआर किसी भी व्यक्ति की जान बचाने में अत्यंत प्रभावी साबित हो सकता है।
इस अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी के साथ नशा मुक्ति केंद्र जिला नीमच के निदेशक सुनील तिवारी, प्रो. आशुतोष शर्मा, प्रो. असरार अंसारी, स्पोर्ट्स ऑफिसर संजीव थौरेचा तथा ओपियम फैक्ट्री के एलुमिनस ग्रुप के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में लगभग 60 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का संचालन डॉ संजय जोशी ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रो. असरार उल्ला अंसारी ने माना।