रतलाम/बाजना
रतलाम जिले के बाजना थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कुशलगढ़ रोड पर एक भीषण बाइक दुर्घटना में 21 वर्षीय युवक ईश्वर डोडियार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे गांव भडानखुर्द में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक ईश्वर डोडियार (पिता विजिया डोडियार) निवासी भडानखुर्द, बीती रात अपने परिजनों के साथ ग्राम वडलीपाड़ा में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। बताया जा रहा है कि देर रात किसी बात को लेकर वह नाराज होकर वहां से अकेले बाइक लेकर निकल पड़ा। इसी दौरान कुशलगढ़ मार्ग के एक मोड़ पर तेज रफ्तार (करीब 70-80 किमी/घंटा) के चलते बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे एक सूखे पेड़ व पत्थरों के बीच जा टकराई।
हादसा इतना भीषण था कि ईश्वर को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना परिजनों को सुबह फोन के माध्यम से मिली, जिसके बाद वे तत्काल घटनास्थल पहुंचे और शव को बाजना के पोस्टमार्टम कक्ष में रखवाया गया। दोपहर में पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मर्ग क्रमांक 0025/2026 कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बाइक का असंतुलन और तेज रफ्तार बताया जा रहा है। थाना प्रभारी मनीष डाबर के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है। वहीं यह भी सामने आया है कि मृतक ने घटना से पहले कुछ नशा किया हुआ था, जिससे संतुलन बिगड़ने की आशंका और बढ़ गई।
गौरतलब है कि ईश्वर की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी और वह खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असमय मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही के खतरनाक परिणामों की चेतावनी देता है, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं।