रतलाम
विशेष रिपोर्ट
रतलाम पुलिस ने महज 15 दिनों (30 मार्च से 14 अप्रैल 2026) के भीतर जिस तरह अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक के बाद एक मामलों का खुलासा किया है, उसने जिले में कानून-व्यवस्था को नई मजबूती दी है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में जिले के 23 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए यह साबित कर दिया कि रतलाम पुलिस हर चुनौती का डटकर सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इस अवधि में पुलिस ने चोरी, नकबजनी, अपहरण, पॉक्सो एक्ट, अवैध शराब, आर्म्स एक्ट और फरार अपराधियों के मामलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई की। न केवल आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, बल्कि कई मामलों में मशरूका भी बरामद कर पीड़ितों को राहत पहुंचाई गई।
शहर से गांव तक दिखा दमदार प्रदर्शन
रतलाम शहर में आरक्षक चंद्रसिंह माको ने जिलाबदर की कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई, वहीं सुनील राठौर ने रिकॉर्ड संधारण में उत्कृष्ट कार्य किया। हेमंत यादव ने भैंस चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि प्रधान आरक्षक मुकेश सिंह चौहान ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई की।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस पीछे नहीं रही। नामली के आरक्षक माखन सिंह ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया, तो शिवगढ़ के मनीष खराड़ी ने गुम एवं अपहृत बालिकाओं को सुरक्षित दस्तयाब किया।
जावरा और आसपास बड़ी उपलब्धियां
जावरा शहर में वसीम खान और सुरेंद्र सिंह ने प्रशासनिक व जनसुनवाई कार्यों में बेहतर समन्वय दिखाया। बालकृष्ण पाटीदार ने एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर बड़ी सफलता हासिल की, वहीं रवि पाटीदार ने न्यायालयीन कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। रिंगनोद में शोभाराम शर्मा ने आर्म्स एक्ट में कार्रवाई करते हुए पिस्टल और कारतूस जब्त किए।
सैलाना में फरार आरोपी भी पकड़े गए
रावटी थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह गाडरिया ने 5 साल से फरार 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की, जिसमें आरक्षक बहादुर डांगी का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। सरवन के उपनिरीक्षक किशनलाल रजक ने पॉक्सो एक्ट में अपहृत बालिका को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया, वहीं रामचंद्र जाटव ने मानवता का परिचय देते हुए मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया।
आलोट में ताबड़तोड़ कार्रवाई
आलोट क्षेत्र में दीपक पाटीदार और अंकित काला ने चोरी का खुलासा कर मशरूका जब्त किया। प्रीतम लोहार ने 2 महीने से अपहृत बालक को कानपुर से सुरक्षित दस्तयाब किया। उपनिरीक्षक पंकज भंबोरिया ने मात्र 24 घंटे में नकबजनी का खुलासा कर ₹2 लाख के जेवर बरामद किए, जबकि सुरेंद्र सिंह ने डीपी ऑयल चोरी में आरोपियों को पकड़ा।
यातायात और जनसेवा में भी अव्वल
आरक्षक गोपाल अटोलिया ने यातायात प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य करते हुए व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा। वहीं 181 पोर्टल और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के त्वरित निराकरण में शिवजी यादव और माधुरी चौहान का योगदान भी सराहनीय रहा।
एसपी ने की सराहना, बढ़ाया हौसला
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने सभी पुलिसकर्मियों की प्रशंसा करते हुए कहा,
“रतलाम पुलिस का हर जवान पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहा है। अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
मजबूत संदेश: सुरक्षा और भरोसे की मिसाल
इन 23 जांबाज पुलिसकर्मियों की मेहनत और समर्पण ने यह स्पष्ट कर दिया है कि रतलाम पुलिस न सिर्फ अपराधियों पर सख्ती से कार्रवाई कर रही है, बल्कि आम जनता की सुरक्षा, सेवा और विश्वास को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। जिले में यह कार्रवाई एक मजबूत संदेश देती है—अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून के शिकंजे से बच नहीं सकता।
Crime reporter Jitendra Kumawat