रतलाम। समाज के युवक-युवतियों के उज्ज्वल भविष्य और योग्य जीवनसाथी की तलाश को सार्थक दिशा देने वाला अखिल भारतीय सर्व ब्राह्मण निःशुल्क युवक-युवती परिचय सम्मेलन इस वर्ष अपनी गौरवशाली यात्रा के 25वें पड़ाव पर पहुंच गया है। विगत 24 वर्षों से निरंतर सफल आयोजन की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार सम्मेलन का रजत जयंती वर्ष 3 जनवरी 2027, रविवार को इंदौर में भव्यता और आधुनिक हाईटेक व्यवस्थाओं के साथ आयोजित किया जाएगा।
यह ऐतिहासिक आयोजन शुभ कारज गार्डन, राजीव गांधी चौराहा, रिंग रोड, इंदौर में होगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर रतलाम में भी उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में महर्षि परशुराम ब्राह्मण सहकारी साख संस्था मर्यादित, रतलाम में युवक-युवती परिचय सम्मेलन के प्रविष्टि फार्म का विधिवत विमोचन किया गया।
फार्म का विमोचन संस्था अध्यक्ष पं. संदीप व्यास के साथ डॉ. विवेक नागर, डॉ. श्वेता विंचुरकर, पं. संजय दवे, पं. सुनील दुबे, पं. राजेन्द्र कुमार जोशी, पं. सत्येन्द्र जोशी, पं. अजय कुमार जोशी एवं पं. संजीव शर्मा सहित समाज के गणमान्यजनों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि यह सम्मेलन महज युवक-युवतियों के परिचय तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्कार, संस्कृति, सामाजिक एकता और पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने का सशक्त माध्यम बन चुका है। पिछले 24 वर्षों में इस आयोजन ने हजारों परिवारों को एक-दूसरे से जोड़कर नई रिश्तेदारी की नींव रखी है। रजत जयंती वर्ष में हाईटेक व्यवस्थाओं के माध्यम से परिचय प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की तैयारी है।
आयोजकों ने समाज के सभी परिवारों से अपील की है कि वे अपने योग्य युवक-युवतियों के प्रविष्टि फार्म समय पर भरकर जमा करवाएं और अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में सहभागिता करें। यह आयोजन समाज के परिवारों को एक मंच पर लाकर नई पीढ़ी के सुखद भविष्य के लिए रिश्तों का सार्थक सेतु बनेगा।
प्रविष्टि फार्म एवं संपर्क
पं. विजय हेमकांत शर्मा – 7803807803
महर्षि परशुराम ब्राह्मण सहकारी साख संस्था मर्यादित, रतलाम
पं. चन्द्र प्रकाश व्यास – 9827592101
स्थान: शुभ कारज गार्डन, राजीव गांधी चौराहा, रिंग रोड, इंदौर।
आयोजन: 25वां अखिल भारतीय सर्व ब्राह्मण निःशुल्क युवक-युवती परिचय सम्मेलन (रजत जयंती वर्ष)।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत