सागर। मध्यप्रदेश में अजब-गजब व्यवस्था का एक और अनोखा उदाहरण सामने आया है। यहां अब शराब की दुकान पर शराब खरीदने पहुंचने वाले लोगों को पहले अपनी सेहत का हिसाब देना पड़ रहा है। शराब की बोतल हाथ में लेने से पहले ब्लड टेस्ट और ब्लड प्रेशर की जांच करवाना अनिवार्य किया गया है। यानी अब शराब खरीदने से पहले डॉक्टर की निगरानी से गुजरना होगा। इस अनोखी पहल की चर्चा पूरे प्रदेश में हो रही है।
यह व्यवस्था सागर जिले के बीना, बांदा, देवरी और खुरई क्षेत्रों में शुरू की गई है। दरअसल बीते कुछ महीनों में बांदा और देवरी इलाके में शराब पीने के बाद कई लोगों की मौत होने की घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों में पोस्टमॉर्टम के दौरान पता चला कि मृतक पहले से ही लीवर और किडनी जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे। इन घटनाओं के बाद प्रशासन ने शराब सेवन करने वालों की सेहत को लेकर गंभीरता दिखाई।
सागर कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम को शराब दुकानों पर तैनात किया गया है। यहां शराब खरीदने आने वाले लोगों का ब्लड प्रेशर जांचने के साथ ब्लड सैंपल लेकर लीवर और किडनी की स्थिति का परीक्षण किया जा रहा है। अब तक 144 से अधिक लोगों के ब्लड सैंपल लिए जा चुके हैं। प्रशासनिक स्तर पर आबकारी विभाग ने करीब 300 ऐसे लोगों की सूची भी तैयार की है जिन्हें अत्यधिक शराब सेवन करने वालों की श्रेणी में रखा गया है।
डॉक्टर केवल जांच तक सीमित नहीं हैं बल्कि शराब पीने वालों को स्वास्थ्य संबंधी सलाह भी दे रहे हैं। उन्हें खाली पेट शराब नहीं पीने पौष्टिक आहार लेने और कच्चा भोजन खाने से बचने जैसी सावधानियां बताई जा रही हैं। इस पहल का उद्देश्य शराब सेवन से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान के प्रति लोगों को जागरूक करना और गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान करना है।
हालांकि इस व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर व्यंग्यात्मक प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। लोग कह रहे हैं कि सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों को ढूंढना मुश्किल हो जाता है लेकिन शराब की दुकान पर स्टेथोस्कोप लगाए डॉक्टर आसानी से नजर आ जाएंगे। किसी ने इसे शराबियों के लिए वीआईपी मेडिकल सुविधा बताया तो किसी ने सवाल उठाया कि काश ऐसी व्यवस्था सरकारी अस्पतालों में भी देखने को मिलती।
बहरहाल मध्यप्रदेश के सागर जिले में शुरू हुआ यह प्रयोग अपने आप में चर्चा का विषय बन गया है। अब सवाल यह है कि शराब खरीदने से पहले स्वास्थ्य जांच की यह अनोखी पहल लोगों को नशे से दूर करने में कितनी कारगर साबित होगी और क्या प्रदेश के दूसरे जिलों में भी ऐसी व्यवस्था लागू की जाएगी?
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत