रतलाम। जिले में जनजातीय विद्यार्थियों की शिक्षा, व्यक्तित्व निर्माण और उज्ज्वल भविष्य को नई दिशा देने के लिए कलेक्टर अजय कटेसरिया ने एक महत्वपूर्ण और अभिनव पहल की है। अब जिले के 15 प्रमुख छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को केवल आवास, भोजन और नियमित शैक्षणिक सुविधाएं ही नहीं मिलेंगी, बल्कि उनके सपनों को उड़ान देने के लिए जिले के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मार्गदर्शक और पालक की भूमिका निभाएंगे। इस पहल के तहत कलेक्टर ने स्वयं माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर सैलाना को गोद लेकर एक सकारात्मक संदेश दिया है।
जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित ऐसे छात्रावासों, जहां 100 या उससे अधिक विद्यार्थी निवासरत हैं तथा विशिष्ट शैक्षणिक संस्थाओं में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए यह नवाचार शुरू किया गया है। कलेक्टर के आदेशानुसार जिले के 15 छात्रावासों के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को पालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन अधिकारियों की जिम्मेदारी विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, सुविधाओं, समस्याओं और व्यक्तिगत विकास पर विशेष ध्यान देने की होगी।
इस पहल के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक अमित कुमार को बालक एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सैलाना, वन मंडलाधिकारी डॉ. अनुभा त्रिवेदी को वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय कन्या छात्रावास रतलाम, जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन को कन्या एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सैलाना तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल को अनुसूचित जाति महाविद्यालयीन बालक छात्रावास रतलाम का पालक अधिकारी बनाया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडीवा को माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर रतलाम की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी प्रकार एसडीएम सैलाना सुनील जायसवाल को बालक एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बाजना, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुभाष जैन को राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह शासकीय संयुक्त बालक छात्रावास रतलाम, एसडीएम रतलाम ग्रामीण आर्ची हरित को वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय कन्या संयुक्त छात्रावास रतलाम तथा तहसीलदार सैलाना प्रतिभा भाभर को कन्या एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बाजना का पालक अधिकारी नियुक्त किया गया है।
वहीं निरीक्षक रश्मि तिवारी को अनुसूचित जाति महाविद्यालयीन कन्या छात्रावास रतलाम, उप संचालक संध्या शर्मा को वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय कन्या आश्रम रावटी, जनपद पंचायत सैलाना की प्रभारी सीईओ सुंदर खन्ना को कन्या आश्रम बेढदा, जिला शिक्षा अधिकारी सिमरन सूर्यवंशी को कन्या आश्रम शिवगढ़ तथा लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री सचिन हरित को बालक क्रीड़ा परिसर बाजना का दायित्व सौंपा गया है।
सिर्फ व्यवस्था की निगरानी नहीं, विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण पर रहेगा फोकस
इस नवाचार का मुख्य उद्देश्य छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनकी प्रतिभा पहचानना, करियर संबंधी मार्गदर्शन देना, आत्मविश्वास बढ़ाना और जीवन में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। अधिकारियों के अनुभव और प्रशासनिक मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक एवं व्यक्तिगत विकास में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
कलेक्टर अजय कटेसरिया की इस पहल से विशेष रूप से जनजातीय अंचलों के विद्यार्थियों को लाभ मिलने की संभावना है। अब देखना होगा कि अधिकारियों की यह पालक भूमिका कितनी प्रभावी साबित होती है और छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों के सपनों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में यह नवाचार कितना सफल होता है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत