मंदसौर। जिले के गांधी सागर में होने वाली आगामी कैबिनेट बैठक के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। रविवार, 15 नवंबर को कलेक्टर कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित पत्रकार वार्ता में कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने बैठक की तैयारियों और रूपरेखा की विस्तृत जानकारी साझा की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना और अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।
पत्रकार वार्ता में कलेक्टर द्वारा गांधी सागर केबिनेट बैठक आयोजन के अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री के आगमन से लेकर कैबिनेट बैठक आयोजन के समस्त कार्यक्रमों के संबंध मे अवगत कराया।
इस दौरान मीडिया के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं की भी जानकारी दी। कलेक्टर ने बताया कि आने वाले अतिथियों को जिले से संबंधित प्रतीक चिन्ह भेंट किए जाएंगे। कार्यक्रमों के अंतर्गत जिले से संबंधित प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। जिसमें उपज से उद्यम, कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार, शासन की योजनाओं की मदद से किसानों द्वारा लगाए गए ऑयल प्लांट, दूध, लहसुन, जैविक, पान, संतरा आदि के संबंध में प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
कलेक्टर ने बताया कि कैबिनेट बैठक के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारी की जा चुकी हैं। अधिकारियों कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा चुकी है। स्थल निरीक्षण किया जा चुके हैं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना द्वारा कैबिनेट बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में पत्रकारों को जानकारी दी गई।