|
आरटीओ बैरियर नयागांव पर तैनाती के एवज में मांगी जा रही थी हर महीने रिश्वत, सैनिक की शिकायत पर लोकायुक्त ने बिछाया जाल नीमच। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होमगार्ड विभाग के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। लोकायुक्त की इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, होमगार्ड सैनिक महेश थोरेचा ने 10 नवंबर 2026 को लोकायुक्त उज्जैन के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित के समक्ष उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि नीमच के होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान द्वारा होमगार्ड कार्यालय में पदस्थ सैनिक बलवंत सिंह के माध्यम से आरटीओ बैरियर नयागांव पर की गई तैनाती के एवज में प्रतिमाह 3 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षक राजेंद्र वर्मा से शिकायत का सत्यापन करवाया। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए ट्रैप की योजना बनाई। कार्यालय में ही बिछाया जाल, 3 हजार लेते ही दबोचे गए कमांडेंट 12 नवंबर 2026 को लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से होमगार्ड कार्यालय, कोट मोहल्ला नीमच में कार्रवाई की। इस दौरान डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को शिकायतकर्ता महेश थोरेचा से 3 हजार रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। समाचार लिखे जाने तक मौके पर लोकायुक्त की कार्रवाई जारी थी। यह पूरी कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक श्री योगेश देशमुख के निर्देशन तथा उप पुलिस महानिरीक्षक श्री मनोज कुमार सिंह एवं लोकायुक्त उज्जैन के पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार दीक्षित के मार्गदर्शन में की गई। लोकायुक्त की ट्रैप टीम में ये रहे शामिल कार्रवाई में डीएसपी राजेश पाठक, निरीक्षक राजेंद्र वर्मा, आरक्षक उमेश जाटव, अनिल अटोलिया, इसरार खान, संजीव कुमारिया, श्याम शर्मा एवं एलडीसी रश्मि शामिल रहे। भ्रष्टाचार की शिकायत करें, लोकायुक्त से सीधे जुड़ें लोकायुक्त संगठन द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई लोकसेवक, अधिकारी अथवा कर्मचारी शासकीय कार्य करने के एवज में रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत लोकायुक्त उज्जैन को शासकीय दूरभाष नंबर 0734-2512756 पर की जा सकती है। |