|
मंदसौर जिले के गरोठ तहसील अंतर्गत ग्राम बरखेड़ा गंगासा में दीपावली के पावन पर्व पर गोवर्धन पूजा का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ किया गया। प्रतिवर्ष की परंपरा अनुसार इस वर्ष भी गांव में वर्षों से चली आ रही अनूठी ‘छोड़ फाड़’ की परंपरा को उत्साहपूर्वक निभाया गया। ग्राम पंचायत के सामने स्थित खुले मैदान में समस्त ग्रामवासी एकत्रित हुए, जहां गौमाताओं द्वारा अपने सींगों से छोड़ फाड़ने का अनोखा दृश्य देखने को मिला। इस पारंपरिक आयोजन को देखने के लिए ग्रामीणों में खासा उत्साह नजर आया। ग्राम पंचायत द्वारा ₹1,100 के नगद पुरस्कार की घोषणा इस अनूठी परंपरा को प्रोत्साहित करने एवं गौपालकों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत बरखेड़ा गंगासा द्वारा विशेष पुरस्कार की घोषणा की गई। आयोजन में जिस भी गौमाता ने अपने सींगों से छोड़ फाड़ा, उस गौमाता के गौपालक को ग्राम पंचायत की ओर से ₹1,100 का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। ग्राम पंचायत की इस पहल से वर्षों पुरानी परंपरा को बढ़ावा मिलेगा और गौसेवा के प्रति ग्रामीणों का उत्साह भी बढ़ेगा। वहीं ग्राम में स्थित शासकीय मां दुधाखेड़ी गौशाला में भी समस्त ग्रामवासियों द्वारा विधि-विधान के साथ गोवर्धन पूजा एवं गौमाता की पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर ग्रामीण अपने-अपने घरों से मिठाई एवं प्रसाद लेकर पहुंचे और गौमाता को श्रद्धापूर्वक प्रसाद खिलाया। इसके साथ ही गांव के विभिन्न मंदिरों में भी पूजा-अर्चना की गई तथा अन्नकूट की प्रसादी का वितरण किया गया। इस प्रकार बरखेड़ा गंगासा में ग्रामवासियों ने आपसी प्रेम, एकता, श्रद्धा और उत्साह के साथ गोवर्धन पूजा का पावन पर्व मनाया। वर्षों पुरानी परंपराओं को आज भी जीवित रखकर ग्रामीणों ने अपनी संस्कृति, गौसेवा और धार्मिक आस्था के प्रति समर्पण का सुंदर संदेश दिया। गोवर्धन पूजा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि गौमाता के प्रति श्रद्धा, प्रकृति के सम्मान और हमारी सनातन संस्कृति की पहचान है। स्थान – बरखेड़ा गंगासा, तहसील गरोठ, जिला मंदसौर (मध्यप्रदेश) |