*ड्रोन सर्वे की खामियों ने बढ़ाई परेशानी, अपने ही मकान के रिकॉर्ड में दूसरे का नाम*
नाहरगढ़ में दोबारा सर्वे कराने की उठी मांग, रिकॉर्ड सुधारने के लिए नागरिक लगा रहे गुहार
नाहरगढ़-एसएसई (हिम्मत जैन)नगर में पिछले वर्ष हुए ड्रोन सर्वे के बाद मकानों और संपत्तियों के सरकारी रिकॉर्ड में कथित गड़बड़ियों का मामला एक बार फिर चर्चा में है। कई नागरिकों की शिकायत है कि मकान उनका है, कब्जा भी उनका है, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में नाम किसी अन्य व्यक्ति का दर्ज हो गया है। इस स्थिति के चलते लोगों को अपने ही मकान का रिकॉर्ड सही करवाने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। अब नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की जांच कर प्रभावित मकानों का दोबारा सर्वे कराया जाए, ताकि रिकॉर्ड में हुई गलतियों को सुधारा जा सके।
*सर्वे के बाद सामने आईं गड़बड़ियां, नागरिकों ने उठाए सवाल*
ड्रोन सर्वे से उम्मीद थी कि मकानों और संपत्तियों का रिकॉर्ड अधिक सटीक और व्यवस्थित होगा, लेकिन कथित त्रुटियों ने इस प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नागरिकों का कहना है कि रिकॉर्ड में नाम और स्वामित्व संबंधी गलतियां होने से भविष्य में संपत्ति विवाद की आशंका भी बढ़ सकती है। ऐसे में प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए वास्तविक स्थिति का सत्यापन करना चाहिए।
लोगों की मांग है कि केवल शिकायतों के आधार पर सुधार की प्रक्रिया को लंबा करने के बजाय प्रभावित क्षेत्रों में दोबारा सर्वे कराया जाए। साथ ही, मकान मालिकों को अपने दस्तावेज प्रस्तुत कर रिकॉर्ड दुरुस्त कराने का उचित अवसर दिया जाए
भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सीतामऊ जितेंद्र सिंह कोटड़ा माता ने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की समस्या नहीं है इसे पूरा गांव प्रभावित हो रहा है इसे शीघ्र ठीक करना चाहिए इसके लिए मैं वरिष्ठ अधिकारियों एवं विधायक जी से बात कर शीघ्र ही समस्या का हल हो इस विषय पर चर्चा करूंगा
*कलेक्टर से समस्या के समाधान की उम्मीद*
वरिष्ठ समाजसेवी व भाजपा मंडल महामंत्री अरुण भटनागर ने मंदसौर कलेक्टर दिव्यांक सिंह से मांग की है कि इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता से लेकर त्रुटि युक्त रिकॉर्ड को निरस्त कर पुनः सर्वे कराकर इस समस्या का समाधान किया जाए समस्या इतनी बड़ी है कि शीघ्र ही निराकरण नहीं हुआ तो पारिवारिक संघर्ष होना तय है और प्रशासन जहां स्वामित्व जैसी योजनाएं ला रही है इसका लाभ वास्तविक स्वामित्व को कैसे मिलेगा यह एक बड़ा प्रश्न है
मालिकाना अधिकार बड़ा विषय है यदि शीघ्र ही इसका समाधान नहीं हुआ तो स्थानीय वासीयो के अनुसार मामला पूरे नगर का है इसलिए विरोध स्वरूप पूरे नगर को बंद कर कलेक्टर कार्यालय के सामने विरोध के रूप में मोन प्रदर्शन भी करना पड़े तो उससे पीछे नहीं हटेंगे
स्थानीय वासियों ने कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में भी समस्या को आवेदन के माध्यम से बताया
अब नगरवासियों की निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि उनकी शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई होगी और दोबारा सर्वे के माध्यम से मकानों के रिकॉर्ड में दर्ज त्रुटियों को दूर किया जाएगा।
हमारी सरकार हमेशा से ही समाज हित में कार्य कर रही है हल ही में इसका उदाहरण सामित्व योजना है
ड्रोन सर्वे में त्रुटि हुई है यह जानकारी मुझे मिली है शीघ्र ही कलेक्टर साहब से बात कर सर्वे को शून्य करवा कर नया सर्वे किया जाएगा किसी को परेशान नहीं होना पड़ेगा
*हरदीप सिंह डग विधायक सुवासरा*
*अधिकारी अपनी जिम्मेदारी कैसे निभा रहे है*
ड्रोन सर्वे में त्रुटिया है जिसकी रिपोर्ट अधिकारियों को प्रस्तुत कर दी गई है। आगे की कार्रवाई और निर्णय वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर लिया जाएगा। उनके निर्देशों के अनुसार आगामी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
*मानसिंह राणावत पटवारी नाहरगढ़*
पूर्व में जो सर्वे हुआ है उसमें काफी त्रुटियां हैं उस सर्वे को शून्य व नए सर्वे के लिए प्रतिवेदन रिपोर्ट हमने कलेक्टर साहब को भेज दी है शीघ्र ही इसका समाधान होगा
*शिवानी गर्ग अनुविभागीय अधिकारी सीतामऊ*