![]() ![]() ![]() ![]()
|
भीलवाड़ा : समग्र शिक्षा अभियान, एडीपीसी भीलवाड़ा के कार्यक्रम अधिकारी योगेश दाधीच ने शाला सम्बलन के तहत सुवाणा ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रीछड़ा तथा जहाजपुर ब्लॉक के चार राजकीय विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं विद्यालयी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दाधीच ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय लाड़ी जी का खेड़ा सहित खेमा का खेड़ा, नाथादण्ड एवं सुंदरगढ़ के विद्यालयों में कक्षा-कक्ष, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण गतिविधियों, शैक्षणिक स्तर तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके सीखने के स्तर की जानकारी भी ली तथा शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी शिक्षण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। लाड़ी जी का खेड़ा विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं वातावरण की विशेष रूप से सराहना करते हुए दाधीच ने कहा कि विद्यालय का हरा-भरा, स्वच्छ एवं आकर्षक परिसर विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक और आनंददायी शैक्षणिक वातावरण निर्मित करता है। सुव्यवस्थित परिसर, हरियाली और विद्यालय की सुंदरता यह दर्शाती है कि विद्यालय परिवार ने सीमित संसाधनों में भी विद्यालय को बेहतर बनाने के लिए सराहनीय प्रयास किए हैं। ऐसे विद्यालय अन्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने तथा सीखने के स्तर में निरंतर सुधार के लिए गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने का आह्वान किया। दाधीच ने कहा कि शाला सम्बलन का उद्देश्य केवल निरीक्षण नहीं, बल्कि विद्यालयों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में सहयोग देना है। प्रत्येक विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए विद्यालय, शिक्षक और विभाग के बीच निरंतर समन्वय आवश्यक है। रिपोर्ट : राजकुमार जी गोयल |