|
आगर-मालवा : पशुपालन एवं डेयरी विभाग के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर आगर-मालवा डॉ. शेर सिंह मीना के मार्गदर्शन में जिले की चारों तहसीलों आगर, बड़ौद, सुसनेर एवं नलखेड़ा में "गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना" का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह प्रतियोगिता 27 से 31 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसके प्रथम चरण का शुभारंभ ग्राम तनोड़िया से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परम्परागत रूप से गौ-पूजन एवं पुष्प-माला से गौवंश के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर उपसंचालक पशुपालन डॉ. एस.एल. जारोलिया द्वारा योजना के उद्देश्य, नियमों एवं गाइडलाइन की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविन्द महाजन, सहायक विस्तार अधिकारी डॉ. अनिकेत जैन सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित थे। उपसंचालक डॉ. महेश जारोलिया ने बताया कि ग्राम तनोड़िया से प्राप्त आवेदनों की सूक्ष्म जांच के उपरांत 6 पात्र गौपालकों का चयन किया गया है, जो अपनी उत्कृष्ट मालवी एवं गिर नस्ल की गौवंश के साथ प्रतियोगिता में सम्मिलित हुए हैं। प्रतियोगिता को पूर्णतः पारदर्शी एवं निष्पक्ष रखने हेतु प्रत्येक गौवंश की निगरानी एवं दुग्ध मापन के लिए पशु चिकित्सा डिप्लोमा धारी का एक-एक दल तैनात किया गया है तथा प्रत्येक चरण के दुग्ध मापन की अनिवार्य वीडियो रिकॉर्डिंग की जा रही है। प्रथम चरण का मापन बुधवार को पूर्ण होने के पश्चात द्वितीय एवं तृतीय चरण का दुग्ध मापन 29 अक्टूबर को प्रातः एवं सायं काल में किया जाएगा। शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना के तीनों चरणों में प्राप्त दुग्ध के औसत उत्पादन के आधार पर विजेता गौपालकों का चयन किया जाएगा। योजना में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले गौपालक को 1 लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर 50 हजार रुपये एवं तृतीय स्थान पर 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। यह योजना जिले में उन्नत नस्ल के गौवंश संवर्धन एवं दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। |