|
शासकीय योजनाओं से मिला आत्मनिर्भरता का संबल आगर-मालवा : दृढ़ इच्छाशक्ति के आगे हर बाधा छोटी पड़ जाती है। इस कथन को चरितार्थ कर दिखाया है आगर विकासखंड के ग्राम पिपलोनकलां निवासी श्री रफीक खान ने। दोनों पैरों से दिव्यांग होने के बावजूद श्री खान हौसले और जज्बे के साथ पत्रकारिता के माध्यम से जनसेवा के कार्य में सक्रिय हैं। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं ने श्री रफीक खान के इस हौसले को संबल प्रदान किया है। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा उन्हें तीन पहिया बैटरी चलित साइकिल प्रदान की गई थी। इसके पश्चात विभागीय शाखा प्रभारी के सहयोग से उन्हें व्हीलचेयर का लाभ भी प्राप्त हुआ। इन सहायक उपकरणों की सहायता से अब वे सुगमता से अपने दैनिक कार्य संपादित कर पा रहे हैं तथा क्षेत्र में भ्रमण कर जनसमस्याओं के निराकरण में सहयोग कर रहे हैं। श्री खान द्वारा पिपलोनकलां क्षेत्र की आमजनों से जुड़ी समस्याओं, सामाजिक मुद्दों और जनहित के विषयों को प्रमुखता से उठाकर आमजनों की आवाज को प्रशासन तक पहुंचा रहे है। विभागीय सहयोग मिलने के बाद उनकी कार्यक्षमता में और अधिक वृद्धि हुई है। श्री रफीक खान ने शासन एवं सामाजिक न्याय विभाग के प्रति आभार जताया है। निश्चित ही शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त कर आत्मनिर्भर बने श्री रफीक खान आज जिले के अन्य दिव्यांगजनों के लिए प्रेरणास्रोत बन गए हैं। |