|
नलखेड़ा। स्थानीय सरदार वल्लभभाई पटेल शासकीय महाविद्यालय नलखेड़ा में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में प्राचार्य डॉ. जी. एल. रावल की अध्यक्षता में मतदाता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके विद्यार्थियों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें मतदान के महत्व से अवगत कराना था। शिविर में मुख्य वक्ता डॉ. सुखदेव बैरागी ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। वहीं, द्वितीय वक्ता प्रो. महेंद्र प्रताप सिंह गुजराती ने लोकतंत्र में मतदान के महत्व को समझाते हुए विद्यार्थियों को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी. एल. रावल ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लाभों पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया के संबंध में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के संयोजक डॉ. सर्वेश व्यास ने किया, जबकि आभार राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रभारी डॉ. बलवंत सिंह दांगी ने व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. सीमा तारे सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। |