|
नीमच । ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच में मध्य प्रदेश सेक्टर, सीआरपीएफ भोपाल के अधीनस्थ प्रशासनिक एवं परिचालनिक बटालियनों व कार्यालयों के बीच आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता का 8 अक्टूबर को समापन हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 5 अक्टूबर से किया गया था। प्रतियोगिता में ग्रुप केंद्र नीमच, भोपाल एवं ग्वालियर सहित विभिन्न बटालियनों के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य कार्मिकों में शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक दृढ़ता, सहनशक्ति एवं खेल भावना को बढ़ावा देना रहा। अंतिम मुकाबला 41 बटालियन और 148 बटालियन के बीच हुआ, जिसमें 148 बटालियन की टीम विजेता तथा 41 बटालियन की टीम उपविजेता रही। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 148 बटालियन के सिपाही/आर्मोर रिचपाल सिंह राठौड़ को बेस्ट रेडर तथा 41 बटालियन के सिपाही/जीडी दिनेश सिंह को बेस्ट डिफेंडर घोषित किया गया। समापन समारोह में उप महानिरीक्षक, आरटीसी नीमच श्री प्रमोद कुमार सिंह ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पदक और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए निरंतर अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर उप महानिरीक्षक, ग्रुप केंद्र नीमच श्री सुरेन्द्र कुमार, कमांडेंट श्री छोटटन ठाकुर सहित अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। |