|
गरोठ। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं खेती के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरोठ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संतरे के बगीचे के बीच से गांजे के 107 हरे पौधे जब्त किए हैं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ राम सनेही मिश्रा एवं एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी गरोठ उनि बलवीरसिंह यादव के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई दिनांक 5 अक्टूबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम साठखेड़ा निवासी कारूलाल पिता राधेश्याम अपने पंडेरिया रोड स्थित खेत में संतरे के बगीचे के बीच अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने खेत पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान संतरे के बगीचे के बीच से गांजे के 107 हरे पौधे बरामद किए गए। पुलिस ने गांजे के पौधों के साथ एक सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया और आरोपी कारूलाल मीणा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना गरोठ में अपराध क्रमांक 403/2026 के तहत धारा 8/20(ए) एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है। मामले में विवेचना जारी है। गिरफ्तार आरोपी कारूलाल पिता राधेश्याम, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम साठखेड़ा। जब्त सामग्री गांजे के 107 हरे पौधे तथा सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे के पौधों की कीमत करीब 1 लाख रुपये तथा मोबाइल की कीमत करीब 10 हजार रुपये है। इनकी रही सराहनीय भूमिका कार्रवाई में थाना प्रभारी गरोठ उनि बलवीरसिंह यादव, सउनि जसराजसिंह चंदेल सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा। |