|
आगर- मालवा: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला जेल आगर-मालवा में विशेष विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत श्री महात्मा गांधी और श्री लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। मुख्य अतिथि द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश श्री मधुसूदन जंगेल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती अश्विनी सिंह उपस्थित थे। अतिथियों ने बंदियों को राष्ट्रपिता श्री महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा और आत्म-सुधार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरणकी सचिव श्रीमती अश्विनी सिंह ने बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं और प्ली बार्गेनिंग जैसे प्रावधानों के बारे में जानकारी दी । उन्होंने बताया कि कमजोर वर्ग या बिना वकील के बंदियों को प्राधिकरण द्वारा मुफ्त अधिवक्ता की सुविधा प्रदान की जाती है। द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश श्री मधुसूदन जंगेल ने बंदियों से संवाद कर उनके मुकदमों के त्वरित निस्तारण और जेल के भीतर सकारात्मक वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया। छोटे मामलों से जुड़े बंदियों को कानून द्वारा दी जाने वाली राहत के बारे में भी मार्गदर्शन दिया गया। गांधी जयंती के उपलक्ष्य में जेल परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया तथा बंदियों के स्वास्थ्य की बेहतरी के लिए संदेश दिए गए। इस अवसर पर जेल उप अधीक्षक श्री हीरालाल परमार सहित जेल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का स्टाफ उपस्थित था। |