रतलाम / सैलाना / सकरावदा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सकरावदा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर आंगनबाड़ी मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गांव की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए गर्भवती महिलाओं का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी आत्मीय माहौल में संपन्न हुई।
कार्यक्रम के दौरान नर्मदा पति जितेंद्र खराड़ी एवं रवीना पति कमल खराड़ी की गोद भराई की गई। महिलाओं ने पारंपरिक रूप से रस्म निभाते हुए दोनों गर्भवती महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। साथ ही पोषण सामग्री एवं फल भेंट कर उनके बेहतर स्वास्थ्य और आने वाले शिशुओं के स्वस्थ जीवन की मंगलकामना की गई।
आयोजन के दौरान महिलाओं को गर्भावस्था के समय उचित पोषण, खान-पान एवं स्वास्थ्य देखभाल के महत्व को लेकर जागरूक किया गया। ग्रामीण परिवेश में ऐसे आयोजन महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी से जोड़ने के साथ ही गर्भावस्था के दौरान परिवार और समाज की जिम्मेदारी का संदेश भी देते हैं।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रीना कुंवर सोलंकी, तेज कुंवर एवं सहायिका दुर्गाबाई खराड़ी की सहभागिता रही। इसके अलावा गांव की काली बाई, दरिया बाई, अंतु बाई, भूली बाई सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में महिलाओं के बीच आपसी संवाद और अपनत्व का वातावरण बना रहा। आंगनबाड़ी केंद्र पर आयोजित इस सेवा कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं तक यह संदेश पहुंचाया गया कि गर्भावस्था के दौरान संतुलित पोषण, नियमित स्वास्थ्य देखभाल और परिवार का सहयोग मां तथा शिशु दोनों के लिए महत्वपूर्ण है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित आंगनबाड़ी मिलन कार्यक्रम ने सेवा, संस्कार और स्वास्थ्य जागरूकता को एक साथ जोड़ते हुए ग्रामीण क्षेत्र में सकारात्मक संदेश दिया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत