सैलाना/रतलाम। सैलाना से 10 किलोमीटर स्तिथ ग्राम आम्बा (पिपलोदा ) में गणेश उत्सव के दौरान प्रसाद के रूप में वितरित किए गए राजगरे के लड्डुओं को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों का आरोप है कि सैलाना स्थित जाकिर पंचेड़ वाले की दुकान से खरीदे गए राजगीर के लड्डुओं में कीड़े, बदबू और फफूंद मिली, जिसके बाद प्रसादी ग्रहण करने वाले श्रद्धालुओं में हड़कंप की स्थिति बन गई। मामले को लेकर ग्राम आम्बा निवासी विजय पिता ईश्वरलाल तथा विनोद पड़ियार सहित अन्य ग्रामीणों ने 17 सितंबर 2026 को पुलिस थाना सैलाना पहुंचकर थाना प्रभारी के नाम आवेदन सौंपा और कार्रवाई की मांग की।
आवेदन में बताया गया कि 17 सितंबर को सैलाना स्थित पंचड़ वाले की दुकान से राजगरे के लड्डू करीब 1 किलो 700 ग्राम वजन में 350 रुपए में खरीदे गए थे। इन लड्डुओं को ग्राम आम्बा में गणेश जी के पांडाल में आरती के बाद प्रसादी के रूप में वितरित किया गया था ।
ग्रामीणों के अनुसार पांडाल मेन रोड से अंदर की ओर वार्ड क्रमांक 9 में स्थित देव बाबा मंदिर के समीप था। गणेश जी की आरती के बाद श्रद्धालुओं और बच्चों को उक्त लड्डू प्रसाद के रूप में बांटे गए।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि प्रसादी का सेवन करने के बाद लड्डुओं में कीड़े, दुर्गंध और फफूंद होने की बात सामने आई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लड्डू पुराने होने के कारण खराब हो चुके थे और उनमें छोटे छोटे कीड़े भी मिले खाने योग्य स्थिति के लायक नहीं थे। प्रसादी ग्रहण करने वाले भक्तों और बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका भी जताई गई है।
आवेदन में ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित दुकान में विभिन्न प्रकार की खाद्य सामग्री उपलब्ध है, जिनमें कुछ सामग्री खराब अवस्था में हो सकती है। ग्रामीणों ने कहा कि धार्मिक आयोजन में प्रसाद के रूप में खराब खाद्य सामग्री पहुंचने से श्रद्धालुओं की आस्था भी प्रभावित हुई है।
ग्रामीणों ने थाना प्रभारी पिंकी आकश से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित दुकान को तत्काल सील कराने, खाद्य सामग्री की जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन के साथ खराब बताए जा रहे लड्डुओं को लेकर जांच की मांग भी उठाई गई है। अब पुलिस एवं संबंधित खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मामले में क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर ग्रामीणों की नजर बनी हुई है।
हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना अभी बाकी है। खाद्य सामग्री की जांच और संबंधित विभाग की कार्रवाई के बाद ही लड्डुओं की वास्तविक स्थिति तथा उनकी गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत