|
राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में सजे नौनिहालों ने दी आकर्षक प्रस्तुतियां, बच्चों की अदाओं ने मोहा मन आगर-मालवा । कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना के मार्गदर्शन में जिले के समस्त आंगनवाड़ी केंद्रों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव हर्षोल्लास, उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर आंगनवाड़ी केंद्रों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा एवं श्रीकृष्ण की मनमोहक वेशभूषा धारण कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। मासूम कान्हाओं और राधाओं की मनोहारी प्रस्तुतियों ने उपस्थितजनों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। वहीं बच्चों के परिजन भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे और नौनिहालों की मनमोहक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। जन्माष्टमी के रंग में रंगे आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की मासूम मुस्कान और कृष्ण-राधा की आकर्षक झांकियों ने पर्व की खुशियां दोगुनी कर दीं। |