|
आगर-मालवा : कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना की अध्यक्षता में पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय आगर-मालवा में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक गुरूवार को आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि विद्यालय भवन के सामने स्थित ट्रेचिंग ग्राउण्ड में जमा कचरे के निपटान की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है, जल्दी ही इस समस्या का समाधान कर लिया जाएगा। प्रबंधन समिति सदस्यों द्वारा विद्यालय के सामने हाईवे पर गति अवरोधक एवं स्टॉपर लगाने के सुझाव पर कलेक्टर ने कहा कि वे एनएच अधिकारियो से सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चर्चा कर समुचित समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। उन्होंने विद्यालय में इन्टरनेट सुविधा के लिये बीएसएनएल का ब्राड-बैंण्ड कनेक्शन लेने और नेटवर्क टावर स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। विद्यालय के प्राचार्य श्री संतोष वर्मा ने विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों के बारे में परिचय दिया और पिछली बैठक का कार्यवाही विवरण एवं पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। प्राचार्य ने विद्यालय की उपलब्धियों, उपलब्ध सुविधाओं और विद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तार से अवगत कराया। उपस्थित सदस्यों ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। |