|
जिला स्तरीय स्टैण्डिंग कमेटी की बैठक एवं मीडिया ब्रीफिंग सम्पन्न आगर मालवा : म.प्र. राज्य निर्वाचन आयोग, भोपाल द्वारा जिले में आकस्मिक रूप से रिक्त हुए पदों के लिए उप निर्वाचन-2026 पूर्वार्द्ध की घोषणा कर दी गई है। जिले की नगर परिषद सुसनेर के अध्यक्ष का पद वर्तमान में रिक्त है। चूंकि इस बार नगर परिषद अध्यक्ष पद का चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से होना है, इसलिये नगर परिषद सुसनेर के सभी 15 वार्डो में आदर्श आचार संहिता प्रभावशील हो गई है, जो 03 अक्टूबर 2026 तक लागू रहेगी। नगर परिषद सुसनेर में 15 वार्ड, कुल 17 मतदान केन्द्र हैं, जिनमें कुल 13843 मतदाता हैं, जिसमें महिला-6928, पुरूष-6914 एवं अन्य में 01 मतदाता है। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डाॅ. शेर सिंह मीना ने एवं एसपी श्री दिलीप सोनी की उपस्थिति में जिला स्तरीय स्टेण्डिंग कमेटी बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी डाॅ. शालिनी श्रीवास्तव ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को उप निर्वाचन कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रतिबंधात्मक आदेश, कोलाहल नियंत्रण आदेश, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग आदि के बारे में बताया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी डाॅ. श्रीवास्तव ने अवगत करवाया कि आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम अनुसार 08 सितम्बर 2026 से नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ होगी, जो 15 सितम्बर 2026 को अपरान्ह 03.00 बजे तक चलेगी। नाम निर्देशन पत्र लेने हेतु अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), सुसनेर को रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। इसी अनुक्रम में 16 सितम्बर से प्राप्त नाम-निर्देशन पत्रों की जांच (संवीक्षा) होगी एवं 18 सितम्बर 2026 तक अभ्यर्थी अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी के तुरंत बाद ही निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर प्रतिक चिन्ह रिटर्निंग अधिकारी द्वारा आवंटित किये जायेंगे। प्रतिक चिन्ह आवंटन पश्चात मतपत्र मुद्रण की कार्यवाही नोडल अधिकारी द्वारा की जायेगी। इसके बाद 29 सितम्बर 2026 दिन-मंगलवार को प्रातः 07.00 बजे से मतदान प्रारंभ होगा, जो अपरान्ह 05.00 बजे तक चलेगा। मतदान के बाद 03 अक्टूबर 2026, शनिवार को प्रातः 09.00 बजे से मतगणना और निर्वाचन परिणामों की घोषणा निर्धारित स्थान पर की जायेगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनैतिक दलों एवं नागरिकों से आदर्श आचार संहिता का पालन करने तथा निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से संपन्न कराने में सहयोग प्रदान करने की अपील की है। बैठक एवं मीडिया ब्रीफिंग में एडीएम डाॅ. शालिनी श्रीवास्तव, एएसपी श्री रविन्द्र बोयत, एसडीएम सुश्री देवकुंवर सोलंकी, एसडीओपी श्री देवनारायण यादव, स्टैण्डिंग कमेटी सदस्य श्री अशोक प्रजापत, श्री ईश्वर अजमेरिया, श्री अनमोल वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं पत्रकारगण उपस्थित थे। |