|
सुशासन के साथ पर्यावरण संरक्षण भी..... आगर-मालवा : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में चल रहे जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आज ग्राम पंचायत हिरणखेड़ी में जिला स्तरीय जनविश्वास शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में भाग लेने हेतु कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने पर्यावरण संरक्षण एवं शासकीय संसाधनों की बचत का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी के साथ समस्त जिलाधिकारी एक ही बस से शिविर स्थल हिरणखेड़ी के लिए रवाना हुए। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बी.एस. सोलंकी, अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी बस में मौजूद रहे। कलेक्टर डॉ. मीना ने कहा कि जनविश्वास शिविर का उद्देश्य केवल जनसमस्याओं का निराकरण ही नहीं, बल्कि सुशासन के साथ-साथ संसाधनों के सदुपयोग का संदेश देना भी है। एक ही बस से सभी अधिकारियों के जाने से शासकीय ईंधन की बचत होगी, कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी तथा अधिकारियों में टीम भावना एवं बेहतर समन्वय स्थापित होगा। जिला प्रशासन की इस पहल की ग्रामीणों द्वारा सराहना की जा रही है। |