|
|
आगर । आगर-मालवा में विधायक श्री माधव सिंह "मधु" गहलोत* के नेतृत्व में आयोजित भव्य 51000 कलश यात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई। *मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंडी प्रांगण आगर में आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल होकर जनसमुदाय को संबोधित किया और कलश यात्रा की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। जिला कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना* एवं पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी की कड़ी निगरानी तथा जिला एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में कलश यात्रा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी गईं। संपूर्ण यात्रा मार्ग पर जगह-जगह कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी सुगम यातायात, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं में जुटे रहे। बड़ी संख्या में आए श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। कलश यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए। कलश यात्रा मंडी प्रांगण से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने कलश में लाए गए पवित्र जल से बाबा बैजनाथ का जलाभिषेक किया और आगर जिले एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, तरक्की एवं खुशहाली की कामना की। कलेक्टर डॉ. मीना ने बताया कि प्रशासन द्वारा की गई बेहतर व्यवस्थाओं के परिणामस्वरूप यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। श्रद्धालुओं ने कानून एवं शांति व्यवस्था की सराहना की है। कतिपय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कलश यात्रा में भगदड़ एवं अव्यवस्थाओं संबंधी प्रसारित सूचनाओं को जिला प्रशासन ने भ्रामक एवं तथ्यों से परे बताया है। नागरिकों से अपील की गई है कि ऐसे तथ्यहीन भ्रामक संदेशों पर ध्यान न दें। उल्लेखनीय है कि इस भव्य सफल आयोजन में धर्म, आस्था और विश्वास का जन सैलाब उमड़ पड़ा। |