|
|
आगर-मालवा : उद्यानिकी विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन से ग्राम बड़ागांव, विकासखण्ड नलखेड़ा के प्रगतिशील किसान श्री बाबूलाल यादव ने आधुनिक खेती अपनाकर सफलता की नई मिसाल कायम की है। श्री यादव ने अपने 2 हैक्टेयर खेत में खीरा, करेला एवं गेंदा की खेती मल्चिंग विथ ड्रिप इरीगेशन तकनीक से की है। करेले की लहलहाती बेलें और स्वस्थ फसल इस तकनीक की सफलता का प्रमाण हैं। इस वैज्ञानिक पद्धति से पानी, श्रम और उर्वरक की बचत के साथ-साथ फसल की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। मल्चिंग से खरपतवार नियंत्रण और नमी संरक्षण हुआ, वहीं ड्रिप से पौधों को समय पर पानी मिला। किसान श्री यादव के अनुसार प्रतिदिन उनके खेत से लगभग 10 क्विंटल सब्जियां मंडी में विक्रय के लिए जाती है। इससे उन्हें प्रतिदिन लगभग 40 हजार रुपये की आय प्राप्त हो रही है। गेंदा की फसल से अतिरिक्त आय भी हो रही है। श्री बाबूलाल की यह सफलता क्षेत्र के किसानों को भी प्रेरित कर रही है। अब अन्य किसान भी उद्यानिकी विभाग से संपर्क कर फूलों एवं सब्जियों की मल्चिंग खेती अपनाने के लिए आगे आ रहे हैं। फोटो- ग्राम बड़ागांव के किसान श्री बाबूलाल यादव के खेत में मल्चिंग विथ ड्रिप इरीगेशन तकनीक से लहलहाती करेले की फसल। |