|
|
अपनी ही सरकार पर बरसे विधायक हजारों पेड़ काटकर बांध बनाया जा सकता है तो सड़क के लिए वन विभाग की बाधा क्यों? सिंगोली : निकट राजस्थान बेगूं विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ ने गुरुवार को नगरपालिका सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान ब्राह्मणी बैराज और बेगूं से चेचट तक फोरलेन सड़क निर्माण के मुद्दे पर बेहद तल्ख और आक्रामक तेवर अपनाया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जब तक प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिलेगा और काटूंदा मोड़ से चेचट तक फोरलेन सड़क का निर्माण नहीं होगा, तब तक ब्राह्मणी बैराज का निर्माण किसी भी कीमत पर शुरू नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक सड़क नहीं, उचित मुआवजा नहीं, तब तक पत्थर भी नहीं लगने दिया जाएगा। उन्होंने ओपन माइक पर मोबाइल पर अधिकारी को कहा कि दूसरी जगह पानी लेकर जा रहे हो। हमें पहले सड़क और हमारी मांगें पूरी होनी चाहिए। इस पर अधिकारी ने कहा कि पानी आपके लिए भी रहेगा तो उन्होंने कहा कि हमें पानी नहीं, सड़क चाहिए। पानी हमारे पास खूब है। उन्होंने व्यंग्य करते यहां तक कह दिया कि ज्यादा पानी के कारण नदी के किनारे बोतलें नजर आती है। इसलिए हमें तो सिर्फ सड़क चाहिए, ताकि आपदा में सुरक्षा हो। चेतावनी : जनता के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यकता पड़ी तो वे अपनी ही सरकार के खिलाफ भी खुलकर आवाज उठाएंगे तथा विधानसभा में इस मुद्दे को पूरी मजबूती से उठाएंगे। विधायक ने वन विभाग की कार्यशैली पर भी तीखा सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा कि यदि हजारों पेड़ों की कटाई कर बांध बनाया जा सकता है तो फिर सड़क निर्माण के लिए वन विभाग की एनओसी सबसे बड़ी बाधा क्यों बन रही है? उन्होंने कहा कि सड़क के अभाव में क्षेत्र के लोग रोज दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं, लोगों की जान जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मंदे बैठे हैं। यह स्थिति अब किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। विधायक ने कहा कि विकास कार्यों में दोहरा मापदंड नहीं चलेगा। किसानों के हितों, क्षेत्र की सड़क व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सरकार और प्रशासन को जनता की भावनाओं का सम्मान करना होगा। क्षेत्र के विकास में कोई बाधा स्वीकार नहीं होगी और जनता के अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण का मुद्दा उठाते हुए रावतभाटा नगर पालिका सभागार में गुरुवार को जनसुनवाई करते विधायक डॉ. सुरेश धाकड़। अधिकारी साथ रहे। विकास जरूरी है, लेकिन पर्यावरण और जनहित की कीमत पर नहीं विधायक ने कहा कि 800 हैक्टेयर भूमि को उजाड़कर बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई भविष्य की पीढ़ियों के लिए गंभीर संकट पैदा करेगी। विकास जरूरी है, लेकिन पर्यावरण और जनहित की कीमत पर नहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क चौड़ीकरण और वन विभाग की आवश्यक स्वीकृतियां मिलने से पहले ब्राह्मणी बैराज का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा। अधिकारियों पर बरसे विधायक लापरवाही पर लगाई फटकार विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ की अध्यक्षता में करीब तीन घंटे तक चली जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक में जनसमस्याओं पर गंभीर मंथन हुआ। बैठक के दौरान विधायक का सख्त और जवाबदेही तय करने वाला रवैया साफ दिखाई दिया। उन्होंने एक-एक विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनता की समस्याओं की अनदेखी, विकास कार्यों में देरी और प्रशासनिक लापरवाही अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही समाधान करवाया, जबकि शेष मामलों के लिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश जारी किए। नगरपालिका के पट्टे का मामला भी जनसुनवाई में उठा। इस पर विधायक ने कहा कि सभी को पट्टा दिलाया जाएगा। जनसुनवाई के दौरान एडीएम राजलक्ष्मी गहलोत, उप जिला कलेक्टर डॉ. कीर्ति व्यास, प्रशासक और तहसीलदार विवेक गरासिया, अधिशासी अधिकारी मुकेश नागर सहित सभी विभागों के प्रमुख मौजूद थे। रिपोर्ट : दिनेश जी जोशी |